February 15, 2026

लावारिस पशुओं से परेशान कलाहू मोड, डली के किसान

पी .आर. शर्मा, भरेड़ी /हमीरपुर, जिला हमीरपुर की तहसील भोरंज के गांव कलाहू मोड, डली, गुधवीं, मंझाओ, भुक्कड़, चंदरूही के लोग क्षेत्र में लावारिस पशुओं के आतंक से परेशान आ चुके हैं। सीर खंड के किनारे बसे इन गांवों में पिछले कई वर्षों से लावारिस पशुओं ने दहशत मचा रखी है। पता चला है कि दूर दराज के क्षेत्र के लोग काम न आने वाले पालतू गाय, बैल, सांड आदि को इस क्षेत्र में छोड़ जाते हैं जो यहां के लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन जाते हैं। यह लावारिस पशु झुंड के रूप में चलते हैं व किसानों की फसलों को चौपट कर जाते हैं। यह पशु अधिकतर रात के समय किसानों की फसलों पर धावा बोलते हैं और किसानों को सुबह पता चलता है कि उनके खेतों में कुछ नहीं बचा है। इस क्षेत्र में सभी किसानों ने अपने खेतों के इर्द-गिर्द कांटेदार तारें लगा रखी है लेकिन यह पशु इन कांटेदार तारों की बाड़ को गिराकर खेतों में घुसने में माहिर हो चुके हैं। इन पशुओं द्वारा अचानक किए गए हमले में क्षेत्र के कई लोग जख्मी भी हो चुके हैं। गांव गुधवीं, कलाहू मोड, डली आदि ग्राम पंचायत अमरोह के अंतर्गत आते हैं जिसे श्रेष्ठ पंचायत का दर्जा हासिल है। लेकिन क्षेत्र वासियों को लावारिस पशुओं से उत्पन्न इस परेशानी का हल न तो पंचायत स्तर पर किया जा रहा है न ही प्रदेश सरकार या प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान दे रहे हैं। गुधवीं गांव के परस राम शर्मा, सुरेश कुमार राजेंद्र कुमार, व मंझाओ के रमेश चंद्र शर्मा, बृजलाल शर्मा, रोशन लाल आदि ने बताया कि अधिकतर किसानों ने फसलें बीजना बंद कर दिया है। जो लोग फसल बीज भी रहे हैं उन्हें भी कुछ हासिल नहीं हो रहा है क्योंकि यह पशु तमाम फसलों को चौपट कर जाते हैं। इन लोगों का कहना है कि इस समस्या बारे वे ग्राम पंचायत, विधायक व प्रशासन के अधिकारियों को कई बार अवगत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। उक्त किसानों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधायक सुरेश कुमार व जिलाधीश हमीरपुर से आग्रह किया है कि इस क्षेत्र में घूम रहे इन लावारिस पशुओं से उन्हें निजात दिलाई जाए ताकि वे लोग भी सामान्य जीवन व्यतीत कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *