किसानों ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के निमंत्रण पर उनसे मुलाकात की
हरियाणा के प्रगतिशील किसानों ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के निमंत्रण पर उनसे मुलाकात की। उपराष्ट्रपति ने किसानों के साथ भोजन किया व परिवार तथा खेती-बाड़ी के बारे में कुशलक्षेम पूछा। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के उत्कृष्ट व पुरस्कृत किसानों को सम्मानित भी किया। इसी माह की शुरूआत में हिसार में आयोजित राज्य स्तरीय कृषि विकास मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने पहुँचे उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने मेले में सम्मानित हुए किसानों को नए संसद भवन में भोज के लिए न्योता दिया था।
किसान को इस महान देश भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी बताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि जय जवान, जय किसान के नारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अनुसंधान जोड़ दिया है क्योंकि किसान यदि अनुसंधान में रुचि लेगा तो बदलाव व्यापक रूप से आएगा।
कृषि मंत्री जे पी दलाल ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने हरियाणा के किसानों को खेत से निकालकर संसद तक आने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को समृद्ध बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे किसानों को लाभ मिल रहा है।
