February 17, 2026

पराली के निपटारे के लिए किसान 10 सितम्बर तक कर सकते हैं अप्लाई

कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने किसानों को इस स्कीम का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की

चंडीगढ़, 3 सितम्बरः

किसानों को फसलों के अवशेष को जलाने की बजाय, इसके प्रबंधन के लिए उचित विधि अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए सरकार द्वारा खेतों में ही धान की पराली के प्रबंधन के लिए किसानों को रियायती दरों पर सरफेस सिडर मशीनें मुहैया करवाई जा रही हैं।
यह जानकारी सांझा करते हुये आज यहां पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि विभाग की तरफ से सब्सिडी पर सरफेस सिडर मुहैया करवाने के लिए किसानों से आवेदन-पत्र माँगे गए हैं। किसानों को इस स्कीम का अधिकतम लाभ लेने की अपील करते हुये उन्होंने कहा कि राज्य के किसान इस स्कीम का लाभ लेने के लिए 10 सितम्बर, 2023 तक शाम 5 बजे तक विभाग के पोर्टल agrimachinerypb.com पर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की तरफ से व्यक्तिगत किसानों को 40,000 रुपए की सब्सिडी की पेशकश की जा रही है, जबकि कस्टमर हायरिंग सैंटर सरफेस सिडर की खरीद पर 64,000 रुपए की सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार वातावरण को बचाने के लिए राज्य में फसलों के अवशेष को जलाने सम्बन्धी मामलों को ज़ीरो पर लाने के लिए फ़सल अवशेष प्रबंधन (सी. आर. एम.) सम्बन्धी और मशीनरी की खरीद पर भी सब्सिडियाँ प्रदान कर रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसान इस सम्बन्धी और ज्यादा जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-180-1551 पर कॉल कर सकते हैं या अपने-अपने जिलों में कृषि दफ़्तर जा सकते हैं।
स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने इस कदम को किसानों के लिए किफ़ायती करार देते हुये कहा कि किसान मशीनीकरण को अपना कर अपनी आय में विस्तार करने के साथ-साथ वातावरण को भी बचा सकते हैं। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को हिदायत की कि इस सारी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता को यकीनी बनाया जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *