किसानों ने टोल प्लाजा पर की तोड़फोड़, कर्मचारियों को भी पीटा
तरनतारन: जम्मू-कश्मीर व राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग स्थित गांव उसमां के टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर एकता) के नेताओं ने जमकर गुंडागर्दी की। यह हंगामा कमर्शियल गाड़ी का टोल वसूलने पर किया गया।
अमृतसर जिले से संबंधित नेता दलजीत सिंह खालसा की गाड़ी के टोल की वसूली का विरोध करते परमिंदर सिंह माहल ने साथियों समेत टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर टोल प्लाजा पर तैनात स्टाफ की मारपीट की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डेढ घंटे बाद मामला शांत करवाया।
टोल प्लाजा के मैनेजर सतिंदर सिंह ने बताया कि शंभू बॉर्डर पर किसानों द्वारा लगाए गए धरने में शामिल होने के लिए कुछ वाहन टोल प्लाजा से गुजरे। जिनसे टोल नहीं वसूला गया।
कमर्शियल गाड़ी का टोल वसूलते ही भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर एकता) के जिला अमृतसर से संबंधित परमिंदर सिंह माहल व दलजीत सिंह खालसा भड़क उठे। कहासुनी के बाद किसान नेताओं ने टोल प्लाजा पर जमकर गुंडागर्दी की। स्टाफ से संबंधित चार लोगों की मारपीट करते टोल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। टोल पर तैनात अधिकारियों ने उक्त किसान जत्थेबंदी से संबंधित स्थानीय नेता सतनाम सिंह हरिके को सूचित किया। लगभग 20 मिनट के बाद वह मौके पर पहुंचे व अपनी जत्थेबंदी के नेताओं को समझाने का प्रयास किया।
