March 7, 2026

किसानों को सुविधा : मैहतपुर-बसदेहड़ा में अब शुक्रवार को भी पुराने स्थल पर लगेगी सब्ज़ी मंडी

किसानों को उपज बेचने में आसानी, डीसी बोले…किसान हित प्रशासन के लिए सर्वोपरि

ऊना, 1 फरवरी. ऊना ज़िले के किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने मैहतपुर-बसदेहड़ा क्षेत्र में किसान सब्ज़ी मंडी के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब सोमवार के साथ-साथ शुक्रवार को भी बसदेहड़ा स्थित ओवरहेड टैंक के पास पुराने स्थल पर किसान सब्ज़ी मंडी का आयोजन किया जाएगा।
इस निर्णय से किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी और मंडी व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी।
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी जतिन लाल ने कहा कि ऊना जिले के किसानों के हित प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। किसानों को अपनी उपज के विपणन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंडी से जुड़ी व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसान सब्ज़ी मंडी प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित की जाएगी। मंडी आयोजन के दौरान संबंधित स्थल पर किसी भी प्रकार के दोपहिया अथवा चारपहिया वाहनों की पार्किंग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
उपायुक्त ने बताया कि इसे लेकर मैहतपुर-बसदेहड़ा क्षेत्र में नो-पार्किंग एवं नो-वेंडिंग ज़ोन को लेकर पूर्व में जारी आदेशों में आंशिक संशोधन किया गया है। इस संबंध में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 एवं 117 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए संशोधित आदेश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने किसानों, सब्ज़ी विक्रेताओं एवं आम नागरिकों से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। आदेशों की अवहेलना करने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *