पिछले 48 घंटों से घने कोहरे की चपेट में समूचा पंजाब
चंडीगढ़: एक ओर शिमला में शनिवार को जनवरी में अधिकतम तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ा तो पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में जबरदस्त कोहरे की चपेट में रहा।
इस कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। अमृतसर, चंडीगढ़, दिल्ली समेत दस प्रमुख हवाई अड्डों पर कई फ्लाइटें रद की गईं।
इसके अलावा चंडीगढ़, अंबाला, लुधियाना और अमृतसर से चलने वाली ट्रेनें कई घंटे लेट रहीं। हालांकि, चंडीगढ़ में दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली। चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बता दें कि पंजाब पिछले 48 घंटे से घनी धुंध की चपेट में है। धुंध व कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल हो गाय है। हवाई, सड़क व रेल यातायात भी प्रभावित है।
गहरी धुंध में छह से अधिक हादसे भी हुए, जिसमें तीन किसान महिलाओं से सहित चार लोगों की मौत हो गई। लगभग 30 लोग घायल हुए हैं।
वहीं दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्य भी घने कोहरे की चपेट में हैं। दिल्ली, श्रीनगर, पठानकोट, चंडीगढ़ सहित 10 प्रमुख हवाई अड्डों पर भी कई उड़ानें प्रभावित हुईं।
वहीं, घनी धुंध में किसानों से भरीं दो बसें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं, जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई। 35 किसान घायल हो गए। ये दोनों हादसे अलग-अलग हुए। इनमें एक बस खनौरी बार्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के अनशन में जा रही थी।
दूसरी बस से लोग हरियाणा के टोहाना में संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में जा रहे थे। पहला हादसा धुंध से संतुलन बिगड़ने के कारण बरनाला के मोगा पुल पर हुआ है, जिसमें तीन महिलाओं गांव कोठे गुरु की बलवीर कौर, सरबजीत कौर व जसवीर कौर की मौत हो गई।
