बठिंडा हवाई अड्डे पर दो यात्रियों के हैंडबैग से खाली और जिंदा कारतूस बरामद
बठिंडा: बठिंडा के विरक कला स्थित हवाई अड्डे पर दो यात्रियों को खाली और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया है, जिनके खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बठिंडा जिले के गांव विरक कला स्थित सिविल एयरपोर्ट पर दो यात्रियों की स्क्रीनिंग के दौरान उनके हैंडबैग से 32 बोर के दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
एयरपोर्ट अथॉरिटी की शिकायत पर पुलिस ने विक्रम सिंह निवासी गुरुग्राम और गुरविंदर सिंह निवासी फाजिल्का को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
थाना सदर में केस दर्ज कर रहे जांच अधिकारी मंडर सिंह ने बताया कि हमें शिकायत मिली थी, जिस पर हमारी ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है कि वे ये कारतूस कहां से लाए थे और कहां ले जा रहे थे या वे किस अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
