February 25, 2026

पात्र व्यक्तियों को आगामी पांच अक्टूबर को बढ़चढ़ कर वोट डालने के लिए किया जा रहा जागरूक

🔸शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग और जनसंपर्क विभाग की भजन मंडली के माध्यम से चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रभावी रूप से जारी हैं स्वीप गतिविधियां

जिलेभर में डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन और स्वीप की जिला नोडल अधिकारी सलोनी शर्मा के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता अभियान जारी है। आगामी पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को जागरूक कर बढ़ चढकऱ मतदान करने व मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की प्रचार टीम व विभिन्न विभागों के सहयोग से स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) अभियान के तहत कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभागीय भजन पार्टी के कलाकार और विभिन्न स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थी आमजन को वोट डालने के लिए प्रेरित व जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
डीआईपीआरओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जनसंपर्क विभाग के पार्टी कलाकार सतबीर सिंह,जितेंद्र कुमार,कमल सिंह,रामकिशन,रामनिवास,अमन आदि ढोलक, चिमटा व हारमोनियम की धुनों पर ‘सुण ल्यो भाई सारे मतदाताओं, वोट डाल कै आणा सै, अपणे हाथां तै थमनै लोकतंत्र मजबूत बनाना सै…’ जैसे मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले गीत व भजन गाते हुए सहज ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। भजन मंडली कलाकारों द्वारा मतदाता जागरूकता गीतों व भजनों के माध्यम से लोगों को बढ़ चढकऱ मतदान करने के लिए प्रेरित व जागरूक किया जा रहा है। भजन मंडली कलाकारों ने ग्रामीणों से वोट बनवाने का आह्वïान करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में वोट का शत प्रतिशत प्रयोग करने बारे जागरूक किया। चुनाव के इस महापर्व में मतदाताओं द्वारा सक्रिय भागीदारी रहे इसके लिए निरंतर विभिन्न प्रचार माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा स्कूल,कॉलेज,आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी आमजन को वोट डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साल्हावास स्थित महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें सुपरवाईजर शर्मिला यादव ने महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई। प्रतिदिन आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में महिलाओं और विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता की शपथ के अलावा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं,हस्ताक्षर अभियान सरीखे जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *