पंजाब में 90 प्रतिशत परिवारों का बिजली बिल आ रहा जीरो
पंजाब सरकार की फ्री बिजली योजना से पंजाबी खुश
चंडीगढ़, मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनता की सुविधाओं का भरपूर ध्यान रख रही है। लोगों को बिजली, पानी, सडक़ जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना पंजाब सरकार की प्राथमिकता में है। सरकार पंजाब में हर परिवार को 300 यूनिट बिजली प्रतिमाह मुफ्त में दे रही है। इससे पंजाबवासियों की जेब से हर महीने जाने वाले बिजली बिल की बचत हुई है। जीरो बिजली बिल से पंजाब में घरेलू उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिली है। पंजाब में करीब 90 फीसदी परिवारों को प्रतिमाह 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिल रहा है। 300 यूनिट प्रति माह फ्री बिजली मिलने से पंजाब के लाखों परिवार राहत की सांस ले रहे हैं और अब बिजली बिल उनको आर्थिक बोझ नहीं लगता। ये सब पंजाब सरकार की जीरो बिल स्कीम के चलते हो पाया है। सरकार में आने के कुछ ही हफ्तों बाद पंजाब सरकार ने इस स्कीम की घोषणा कर दी थी। पंजाब सरकार की जीरो बिल स्कीम से राज्य के किसानों को भी बड़ा फायदा हुआ है। एक जुलाई 2022 से पंजाब में जीरो बिल स्कीम लागू कर दी गई थी। पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन के मुताबिक पंजाब में 73 लाख से अधिक घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं। इन लोगों को हर 2 महीने में बिजली का जीरो बिल जारी किया जाता है। जीरो बिल स्कीम में पंजाब सरकार पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन को समय पर सब्सिडी दे रही है। राज्य सरकार की जीरो बिल स्कीम के बावजूद पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड अच्छा-खासा मुनाफा जनरेट कर रही है। पंजाब सरकार ने बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए 5000 करोड़ का निवेश किया है। इसका उद्देश्य बिजली कटौती को पूरी तरह समाप्त करना और सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री भगवंत मान का कहना है, बिजली कोई विलासिता नहीं, बल्कि हर नागरिक का अधिकार है। उनकी यह नीति न केवल लोगों को राहत दे रही है, बल्कि पंजाब को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रही है। रोशन पंजाब मुहिम के बारे में मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान कहते हैं कि यह पहल केवल बिजली सुधार तक सीमित नहीं, बल्कि पंजाब की आर्थिक रीढ़ को मज़बूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। आज पंजाब में उद्योगों को देश में चौथे सबसे कम दरों पर बिजली मिल रही है और कृषि क्षेत्र को निर्बाध आपूर्ति प्राप्त हो रही है। रोशन पंजाब परियोजना के माध्यम से अब वोल्टेज उतार-चढ़ाव की समस्या को खत्म किया जाएगा, विशेषकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में बिजली नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है।
