February 19, 2026

डिजिटल युग में पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न करवाने में चुनाव आयोग के एप की अहम भूमिका

दिव्यांगों के लिए सक्षम, कैंडिडेट के लिए सुविधा, मतदाताओं के लिए वोटर हेल्पलाइन, वोटर इन क्यू, केवाईसी, सी-विजिल एप
▪️लोकतंत्र में मतदाता ही सर्वोपरि, एप मतदाताओं के अधिकारों बनाते हैं सशक्त: डीसी
▪️ डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनावों के संदर्भ में मतदाताओं व कैंडिडेट द्वारा चुनाव आयोग की विभिन्न एप का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि चुनाव आयोग की एप वोटर हेल्पलाइन, सक्षम, वोटर टर्नआउट, सुविधा, केवाईसी एप, सी-विजिल, वोटर इन क्यू का इस्तेमाल करें।
डीसी ने कहा कि चुनाव में पारदर्शिता को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोग द्वारा कई प्रकार के एप संचालित किए जा रहे हैं। इन एप के माध्यम से महज एक क्लिक पर वोट बनवाने, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत करने, उम्मीदवारों के नामांकन पत्र देखने सहित कई कार्य किये जा सकते हैं। दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम एप लॉन्च किया है। दरअसल, चुनाव में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने तकनीकी युग में मतदाता फ्रैंडली कदम उठाए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया सबसे अहम होती है और निष्पक्ष व स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया में नागरिकों की पूर्ण सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि वोट बनवाने के लिए वोटर हेल्पलाइन एप काफी कारगर है जिसके जरिये 1 जुलाई 2024 तक 18 वर्ष पूरी कर चुके युवा विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए घर बैठे वोट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा उम्मीदवारों के लिए भी सुविधा एप लॉन्च की गई है जिसके जरिये चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार चुनावी गतिविधियों के लिए ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में चुनाव प्रक्रियाओं को भी डिजिटल करने का अहम कार्य चुनाव आयोग ने किया है। संपूर्ण चुनावी गतिविधियों के लिए कई एप बनाए गए हैं जिनमें से एप मतदाताओं व नागरिकों के लिए हैं। इसके अलावा विभिन्न चुनाव टीमों के लिए भी चुनाव आयोग द्वारा कई एप लॉन्च किए गए हैं जिनका इस्तेमाल किया जा रहा है।
बॉक्स:सी-विजिल एप
सी विजिल एप की मदद से नागरिक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत कर सकता है। इसमें फोटो, वीडियो और ऑडियो अपलोड करके शिकायत दर्ज होने की सुविधा है। शिकायत प्राप्त होने के बाद उसका 100 मिनट के अंदर निस्तारण किया जाता है। निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण ऐप है।
▪️केवाईसी एप से देखें उम्मीदवार का नामांकन
नो योर कैंडिडेट (केवाईसी) एप के जरिए आम नागरिक उम्मीदवार के बारे में तमाम जानकारियां प्राप्त कर सकता है। इस एप में उम्मीदवार द्वारा रिटर्निंग अधिकारी को दिए गए नामांकन पत्र को अपलोड किया जाता है जिसे कोई भी आम नागरिक अपने मोबाइल पर देख सकता है। इस एप के जरिये उम्मीदवार के आपराधिक रिकॉर्ड, संपत्ति और शिक्षा व अन्य जानकारी हासिल की जा सकती हैं।
▪️दिव्यांगों के लिए सक्षम एप
सक्षम एप विशेष योग्यजन नागरिकों की सुविधा के लिए है। इसके माध्यम से दिव्यांग पंजीकरण और संशोधन कर सकते हैं। इसके तहत व्हीलचेयर के लिए आवेदन, मतदाता सूची में नाम खोजने और बूथ की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
▪️सुविधा एप से कैंडिडेट के लिए
इस ऐप के माध्यम से प्रत्याशी चुनावी गतिविधियों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। एप पर लॉगिन करने के बाद प्रत्याशी शपथ पत्र, प्रस्तावक की सूचना और नामांकन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सुविधा कैंडिडेट एप उम्मीदवारों को उनके नामांकन और चुनाव प्रचार से संबंधित चाही गई अनुमति की स्थिति की जांच करने की सुविधा देता है.
▪️वोटर टर्नआउट से देखें मतदान प्रतिशत
इस ऐप के माध्यम से आमजन मतदान दिवस (1 अक्तूबर) के दिन मतदान प्रतिशत देख सकते हैं। स्वीप गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
▪️वोटर हेल्पलाइन एप
इस ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम पता संशोधन करने, नाम हटाने, वोटर आईडी को आधार से लिंक करने, मतदाता सूची में नाम खोजने, मतदान केंद्र विवरण, ई-एपिक कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी। इससे व्यक्ति अपनी वोटर आईडी घर बैठे प्राप्त कर सकता है।
▪️वोटर इन क्यू
इस एप के द्वारा मतदान केंद्र पर कितने मतदाता मतदान हेतु लाइन में लगे हैं यह पता लगाया जा सकता है। वोटरों के लिए यह बेहद सुविधाजनक एक है जिसके द्वारा मतदान केंद्र पर कितनी भीड़ है यह जानकारी हासिल करते हुए मतदान के लिए सुविधाजनक समय का चुनाव किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *