भूकंप ने तिब्बत में मचाई तबाही, 36 लोगों की मौत
दर्जनों मलबे में दबे; नेपाल और भारत में भी लगे झटके
नई दिल्ली : भारत के कई राज्यों सहित नेपाल, चीन से लेकर तिब्बत तक मंगलवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस हुए। तिब्बत में भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान देखने को मिला है। वहां कई इमारतें धराशाई हो गई हैं। इसके अलावा 36 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा दर्जनों लोग मलबे में दबे हैं।
सिक्किम समेत पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेपाल की राजधानी काठमांडू में तेज झटके महसूस होने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों और खुले स्थानों की ओर भाग गए।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, 7.1 तीव्रता का पहला भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 6:35 बजे नेपाल-तिब्बत सीमा के पास शिजांग में आया। इतनी तीव्रता का भूकंप काफी शक्तिशाली माना जाता है और गंभीर क्षति पहुंचाने में सक्षम है। चीनी अधिकारियों ने तिब्बत के दूसरे सबसे बड़े शिगात्से शहर में भूकंप की तीव्रता 6.8 दर्ज की।
