शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी से परिवहन व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई
जमी बर्फ के कारण एचआरटीसी बस खाई में गिरने से बच गई
शिमला: शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी से परिवहन व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। वहीं सडक़ों पर सफर करना जानलेवा हो गया है। रविवार को रोहड़ू उपमण्डल के टिक्कर इलाके में जमी बर्फ के कारण एचआरटीसी बस खाई में गिरने से बच गई। इस बस में चालक व परिचालक ही मौजूद थे। यह हादसा पौने 11 बजे के करीब पेश आया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रोहड़ू डिपू की बस एचपी 10ए-6794 पुजारली से रोहड़ू की तरफ जा रही थी। टिक्कर तहसील के खलावन नाला के पास बर्फ से फिसल कर बस सडक़ से बाहर की ओर लटक गई। गनीमत यह रही कि बस में चालक व परिचालक के अतिरिक्त कोई भी अन्य सवारी नहीं बैठी थी। हादसे में बस के आगे के शीशे टूट गए। हालांकि चालक व परिचालक पूरी तरह सुरक्षित है। एचआरटीसी ने क्रेन के जरिये बस को निकाला। बस को पवन कुमार चला रहा था। रोहड़ू के डीएसपी ने बताया कि बर्फ पर फिसलने से हादसा हुआ है। बस के चालक और परिचालक चोटिल नहीं हुए हैं।
