February 11, 2026

पंजाब को कर्ज में डुबोना भगवंत मान सरकार की एकमात्र उपलब्धि : शेखावत

‘आप’ ने युवाओं, महिलाओं व किसानों को धोखा दिया

नवांशहर: लोकसभा चुनावों के मद्देनजर श्री आनन्दपुर साहिब से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सुभाष शर्मा के चुनावी प्रचार अभियान को गति देने के लिए आज खरड़, बलाचौर और नवांशहर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी ने जनसम्पर्क अभियान चलाया और कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन किया।

सम्मेलन में भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि 1 जून को पूरा पंजाब विकसित भारत के लिए वोट करेगा। पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए श्री शेखावत ने कहा कि स. भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में दो सालों से चल रही आम आदमी पार्टी की सरकार की केवल एक ही उपलब्धि है कि उसने पंजाब को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। पार्टी की गलत नीतियों और नेताओं के अनुभवहीन होने के कारण राज्य में राजस्व बढ़ नहीं रहा और सरकार कर्ज पर कर्ज लेकर नियमित प्रशासनिक काम करने को विवश है। अब तो हालात यहां तक खराब हो चुके हैं कि सरकार को कर्ज की किश्त अदा करने के लिए भी नया कर्ज लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को पहले कांग्रेस की सरकारों ने बर्बाद किया और अब आम आदमी पार्टी की सरकार में हालात बत्तर है। पंजाब के लोग अकाली दल, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को आजमा चुके हैं और अब उनके सामने भाजपा एक मात्र प्रमाणिक विकल्प बन कर उभरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नेरंद्र मोदी ने बिना किसी भेदभाव के सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर देश का चहुंमुखी विकास किया। आज सडक़ें, रेल, वायुमार्ग में जबरदस्त ढांचागत विकास हुआ है। देश-विदेश में भारत की धूम है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जब देश विकसित राष्ट्र बनेगा तो इसका सर्वाधिक लाभ पंजाब को होगा।

कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रत्याशी डॉ. सुभाष शर्मा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर युवाओं, महिलाओं व किसानों से धोखेबाजी करने के आरोप लगाए। डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य की खराब कानून व्यवस्था और सरकार की दिशाहीनता के चलते राज्य से उद्योगों का उच्च स्तर पर पलायन हुआ है, इससे नए रोजगार अवसरों का सृजन होना तो दूर राज्य में बेरोजगारी और भी विकराल रूप धारण कर चुकी है। प्रतिदिन विदेशों को जा रहे हजारों युवा इसका परिणाम हैं। आप पार्टी ने महिलाओं को एक हजार रुपये मासिक पेंशन देने का वायदा किया था परन्तु आज सरकार अपने कर्मचारियों को समय पर वेतन देने में असमर्थ है तो ऐसे में महिलाओं को पेंशन देने के बारे सोच भी नहीं सकती। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और खुशहाल पंजाब का एक ही मार्ग है कि देश में फिर से मोदी सरकार बने और पंजाब इसमें अपनी तेरह की तेरह सीटों का योगदान करे।

बलाचौर में बड़ा प्रोजेक्ट लाएंगे : डॉ. सुभाष शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के श्री आनन्दपुर साहिब से प्रत्याशी डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा है कि वह केंद्र सरकार से बलाचौर में बड़ा उद्योगिक प्रोजेक्ट लेकर आएंगे। मीडिया कर्मियों द्वारा इलाके के विकास और उद्योगों को लेकर किए सवालों का जवाब देते हुए डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि वह इलाके के विकास के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सामने झोली फैला कर न केवल बड़ा प्रोजेक्ट लाएंगे बल्कि मौजूद उद्योगों व व्यवसाय की समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खालसाई जाहौ जलाल वाली श्री आनन्दपुर साहिब की धरती पर पर्यटन की अनन्त सम्भावनाएं हैं जिसका लाभ उठाते हुए इस इलाके का नए सिरे से विकास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *