पानी की बूंद बूंद को तरस भलाड़ गांव के बाशिंदे
बोले, पाइप लाइन जल्द ठीक न हुई तो विभागीय कार्यालय का घेराब करेंगे
जवाली, (शिबू ठाकुर): विस क्षेत्र जवाली के अधीन पंचायत भलाड़ के बाशिंदे पिछले करीबन 15-20 दिनों से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। पंचायत भलाड़ के वार्ड नं-तीन में लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं तथा दूरदराज से पानी लाने को मजबूर हैं। टैंकरों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है जिससे आर्थिक व मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। शौचालय की टंकियों में पानी की बूंद तक नहीं है तथा खाना बनाने व नहाने के लिए बड़ी मुश्किल से पानी का जुगाड़ कर रहे हैं। गांववासियों ने कहा कि खैर के ठेकेदार ने एक जगह लकड़ी का डंप बनाया हुआ है तथा उनकी ट्रेक्टर ट्राली से पाइप बार-बार टूट रही है लेकिन ठेकेदार इस पाइप को ठीक नहीं करवा रहा है। गांववासियों ने कहा कि अगर एक-दो दिन में पानी की समस्या हल न हुई तो विभागीय कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस बारे में जल शक्ति विभाग कोटला के सहायक अभियंता विजय नाग ने कहा कि जल्द ही टूटी हुई पाइप को दुरुस्त करवाया जाएगा।
