बेरूत में ढेर किया हिजबुल्लाह का खूंखार कमांडर इस्माइल हाशेम
इजरायली एयरस्ट्राइक का बड़ा शिकार,
नई दिल्ली, मिडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव के बीच इजरायल ने एक बार फिर हिजबुल्लाह को गहरा जख्म दिया है। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने बुधवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि इजरायली नौसेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत में एक बेहद सटीक और घातक ऑपरेशन को अंजाम दिया है। इस कड़ी कार्रवाई में हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर हज यूसुफ इस्माइल हाशेम को मौत के घाट उतार दिया गया है। आईडीएफ के मुताबिक, इस खौफनाक आतंकी के खिलाफ यह सफल स्ट्राइक मंगलवार को की गई थी, जिसने पूरे आतंकी संगठन की कमर तोड़ कर रख दी है।
मारा गया खूंखार आतंकी हाशेम हिजबुल्लाह के दक्षिणी मोर्चे का सबसे अहम कमांडर था। वह मुख्य रूप से दक्षिण लेबनान में इस आतंकवादी संगठन की सभी बड़ी सैन्य गतिविधियों का प्रमुख था और वहीं से इजरायल के खिलाफ साजिशें रचता था। हाशेम कोई मामूली आतंकी नहीं था; उसके पास 40 साल से भी अधिक का अनुभव था और वह संगठन के भीतर एक केंद्रीय और बेहद ताकतवर भूमिका निभा रहा था। गौरतलब है कि सितंबर 2024 में जब इजरायल ने हिजबुल्लाह के पूर्व कमांडर अली कराकी और महासचिव हसन नसराल्लाह को मार गिराया था, उसके बाद इसी हाशेम ने दक्षिणी मोर्चे की यह अहम कमान अपने हाथों में ली थी।
आईडीएफ ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि हाशेम ने पिछले कई सालों में इजरायली नागरिकों और सेना के जवानों के खिलाफ हजारों खौफनाक आतंकी हमलों का ब्लूप्रिंट तैयार किया था और उन्हें अंजाम तक पहुंचाया था। वह इजरायल के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन चुका था। इजरायली सेना का स्पष्ट दावा है कि इतने अनुभवी और शातिर मास्टरमाइंड के मारे जाने से हिजबुल्लाह की ताकत आधी रह गई है। हाशेम की मौत ने इजरायल के खिलाफ हिजबुल्लाह की आतंकी कार्रवाइयों और दक्षिण लेबनान में आईडीएफ सैनिकों के विरुद्ध जंग लड़ने की उसकी क्षमता को एक ऐसा तगड़ा झटका दिया है, जिससे उबरना संगठन के लिए अब नामुमकिन सा हो गया है।
