केंद्रीय योजनाओं के तहत प्रदेश में चल रहे हैं 33000 करोड रुपए के विकास कार्य: डॉ. सिकंदर कुमार
धर्मपुर (सोलन) भारतीय जनता पार्टी कसौली मंडल की विशेष बैठक का आयोजन मनसा माता मंदिर धर्मपुर में किया गया। बैठक में राज्यमंत्री राज्य सभा के सदस्य डॉ सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा ने की जबकि प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर महा जनसंपर्क अभियान के तहत संगठनात्मक कार्य हेतु विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव ने कहा कि अब लोकसभा चुनावों में लगभग 1 वर्ष का समय रह गया है, सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर भाजपा को दोबारा से सत्ता में लाने के लिए मेहनत करनी होगी व केंद्र सरकार की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करना होगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बने हुए 6 महीने हो गए हैं लेकिन 10 गारंटियां कब पूरी की जाएगी, किसी को पता नहीं है। चुनावों से पहले कांग्रेस ने प्रदेश के लोगों को गुमराह करके वोट तो ले ली लेकिन अब 10 गारंटियों को लागू करने के लिए 5 वर्ष का समय मांगा जा रहा है जबकि चुनावों से पहले 10 गारंटियों को तत्काल लागू करने के लिए गुमराह किया गया था। प्रदेश के पास सरकारी विभागों के कर्मचारियों को तनख्वाह देने के लिए भी धनराशि नहीं है। कसौली में विकास कार्य पिछड़ रहे हैं। कसौली में 6 महीने में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। भाजपा सरकार के समय के विकास कार्य ही धीमी गति से चल रहे हैं। प्रदेश सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा को कोस रही है। इस मौके पर राज्य सभा के सदस्य सिकंदर कुमार ने कहा कि केंद्र के हिमाचल में 33 हजार करोड रुपए की राशि के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। बिलासपुर में एम्स, ऊना में बल्क ड्रग पार्क, कीरतपुर मनाली हाईवे की तरह अनेकों प्रोजेक्ट मिले हैं जिन पर कार्य चल रहा है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों के लिए कमर कस लें। महा जनसंपर्क अभियान के तहत प्रदेश के हर घर में लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दें। केंद्र में फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत से काम करना है। भाजपा कार्यकर्ताओं से बैठक में गर्मजोशी से लोकसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करने का आवाहन किया गया। इस अवसर पर डेजी ठाकुर, सुंदरम ठाकुर,मदन मोहन मेहता, संजीव कश्यप, विनोद मरवाह, नरेंद्र ठाकुर, नरेंद्र अत्री, केवल कृष्ण, नीरज ठाकुर, विकास ठाकुर, चरण यादव व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
