February 11, 2026

राष्ट्रीय पल्स पोलियो राउंड की तैयारी पूरी : डाॅ. जंगजीत सिंह

सचिन सोनी, कीरतपुर साहिब,
डाॅ. मनु विज सिविल सर्जन रूपनगर के निर्देशानुसार एवं डा. नवरूप कौर जिला टीकाकरण अधिकारी एवं डाॅ. दलजीत कौर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, पीएचसी कीरतपुर साहिब के नेतृत्व में पल्स पोलियो राउंड 03 मार्च से 5 मार्च तक चलाया जाएगा। डॉ. जंगजीत सिंह ब्लॉक नोडल अधिकारी एवं कार्यवाहक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस राष्ट्रीय पल्स पोलियो राउंड को लेकर सभी तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इस राउंड में करीब 14670 बच्चों को पोलियो की दवा पिलायी जायेगी। इस राउंड के लिए करीब 70 बूथ बनाये गये हैं 178 टीमें, 2 मोबाइल टीमें, 3 ट्रांजिट टीमें तैनात की गई हैं, जिसमें करीब 350 स्टाफ तैनात हैं। उन्होंने बताया कि टीमों की देखरेख के लिए 20 पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं। इस अभियान के तहत मलिन बस्तियों, खानाबदोश बस्तियों, भट्ठों, निर्माण स्थलों जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को भी कवर किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्तर पर विशेष प्रशिक्षण दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान को पूरी जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। इस मौके पर अधिक जानकारी देते हुए बीईई सिकंदर सिंह ने बताया कि 0-5 साल के हर बच्चे को यह दवा दी जानी चाहिए, भले ही बच्चा बीमार हो, भले ही बच्चा नवजात हो, भले ही बच्चा यात्रा कर रहा हो, भले ही पहले बूंदें लीं हों, उसे पोलियो की बूंदें पिलाई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *