हिमाचल में अनुसूचित वर्ग की स्थिति बेहतर : डॉ. अंजु बाला
देश राज शर्मा, शिमला : राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डॉ. अंजु बाला ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में अधिकारियों की मंडल स्तरीय बैठक ली। इसमें उन्होंने अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण एवं उत्थान के लिए संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आयोग की डीआईजी व निदेशक (भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी) डॉ. सन्मीत कौर, अनुसंधान अधिकारी अरुणाभा भट्टाचार्य तथा बी.के. भोला भी उनके साथ उपस्थित रहे।
बैठक में शिमला खंड के जिला शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर में अनुसूचित वर्ग के कल्याण को लेकर किए जा रहे कार्यों तथा सरकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। विशेषकर शिक्षा तथा छात्रवृत्तियों, स्वास्थ्य क्षेत्र, बैंक से अनुदान व ऋण आधारित स्वरोजगार योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना, मनरेगा इत्यादि योजनाओं की जिलेवार समीक्षा की गई। इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों से जुड़े मुकदमों की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
उन्होंने ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित वर्ग की स्थिति बेहतर है जिस वजह से आज तक आयोग को यहां किसी मामले की जांच और सुनवाई के लिए आने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सक्षम भारत के सपने को साकार बनाने के लिए प्रदेश सरकार का सहयोग अहम है। डॉ. अंजु बाला ने सभी से समानता के मूल्यों पर आधारित समरस समाज बनाने की सोच के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया।
डॉ. अंजु बाला ने कहा कि शिक्षा हर वर्ग, हर व्यक्ति के उत्थान और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए शिक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने इसे लेकर अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझने तथा दायित्वों का सही निर्वहन करने को कहा।
डॉ. अंजु बाला ने शिमला खंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को योजनाओं का लाभ देने में उल्लेखनीय कार्य के लिए अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना की लाभार्थियों की सूची तैयार कर उनका अनुभव जानने के निर्देश दिए ताकि योजना के क्रियान्वन को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को स्वरोजगार लगाने के लिए प्रोत्साहित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ देकर आजीविका संवर्धन पर जोर दिया।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डॉ. अंजु बाला ने आपराधिक मामलों में सजा दर कम होने पर असंतुष्टि दिखाई। उन्होंने इस सन्दर्भ में आवश्यक कार्यवाई करने के निर्देश दिए ताकि दोषियों को सजा मिले।
डॉ. अंजु बाला ने कहा कि जो अधिकारी आज बैठक में उपस्थित नहीं है और जिन्होंने इस बारे में आयोग से अनुमति भी नहीं ली है, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला दंडाधिकारियों को ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए जो अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोग की तरफ नोटिस मिलने पर उसका जवाब समय पर देना सभी अधिकारियों की जिम्मेवारी है।
15 जनवरी को हिमाचल दौरे पर आ सकता है आयोग
डॉ अंजू बाला ने बताया कि 15 जनवरी 2024 को पूर्ण राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ सकता है। इस दौरान आयोग प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर प्रदेश में अनुसूचित जाति के कल्याण हेतु चल रही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वन की समीक्षा करेगा।
बैठक से पूर्व डॉ. अंजू बाला तथा अन्य अतिथिगणों ने भारत रत्न डॉ. भीम राव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीम राव अम्बेडकर शिक्षा का प्रतीक हैं। डॉ. अम्बेडकर न होते तो आज शिक्षा का यह स्तर यहां तक न पहुंच पाता। उन्होंने देश की हर बेटी के लिए लड़ाई लड़ी जिसकी बदौलत आज लड़कियां उच्च शिक्षा ग्रहण कर बड़े पदों पर आसीन हैं। मंडलायुक्त शिमला अमित कश्यप ने डॉ. अंजू बाला व अन्य अतिथिगणों का स्वागत किया और बैठक का सञ्चालन किया। बैठक के अंत में उन्होंने आयोग को आश्वस्त किया की सभी कमियों को दूर कर सटीक रिपोर्ट तैयार कर आयोग को प्रस्तुत की जाएगी।
ये रहे उपस्थित
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा, उपायुक्त किन्नौर तोरुल एस रवीश, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला, पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव कुमार गाँधी, पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक किन्नौर विवेक चहल व पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह तथा शिमला खंड के सभी जिलों के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
