February 23, 2026

डिजिटल प्रणाली से प्रशासनिक व्यवस्था मेंं आई पारदर्शिता,समयबद्धता व निष्पक्षता: डीसी

लघु सचिवालय सभागार में छात्रोंं ने प्रशासन के साथ किए स्टडी टूर के अनुभव सांझा
झज्जर,
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने लघु सचिवालय सभागार मेंं आईआईएम रोहतक के छात्रों के दल के साथ मुलाकात की। आईआईएम रोहतक के 20 छात्रों का दल झज्जर जिले में चार दिवसीय स्टडी टूर पर आया हुआ है। आईआईएम रोहतक के छात्रों ने स्टडी टूर पूरा करने उपरांत जिला प्रशासन के साथ अपने चार दिवसीय टूर के अनुभव सांझा किए। डीसी ने बताया कि मेरी फसल मेरा -ब्यौरा पोर्टल पर शत-प्रतिशत आंकड़े सही समय पर दर्ज होने से कृषि संबंधित अनुदान आधारित योजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू किया जा सकता है। फसली नुकसान को रोकने के उपाय समय पर किए जा सकते हैं। फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि आईआईएम के छात्रों ने स्टडी टूर के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा लोकहित मेंं चलाई जा रही स्वास्थ्य, शिक्षा ,कृषि आदि क्षेत्र से संबंधित योजनाओं के उद्देश्य, क्रियान्वयन प्रणाली और सार्थकता के बारे मेंं विस्तार से जानकारी प्राप्त की। छात्रों ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर संबंधित अधिकारियों और लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। छात्रों ने बताया कि डिजिटल प्रणाली से प्रशासनिक व्यवस्था मेंं पारदर्शिता,समयबद्धता व निष्पक्षता आ रही है, साथ ही जवाबदेही भी तय हो रही है। आईआईएम के छात्रों ने जिले के राजकीय स्कूलों में डेस्क, साईंस लैब को बेहतरीन बताया । एक छात्रा ने कहा कि शहरी क्षेत्र के प्राइवेट स्कूलों से बेहतर साईंस लैब उन्होंने राजकीय स्कूल देखी ।
आईआईएम के छात्रों ने आयुष्मान भारत के तहत प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतरीन बताया। शिक्षा से संबंधित प्रोजेक्ट प्रतिभा मंथन, बुनियाद सुपर 100 कार्यक्रम की भी प्रशंसा की। डीसी ने बताया कि सुपर 100 कार्यक्रम के तहत पिछले वर्ष 45 बच्चों ने आईआईएम, आईआईटी और एमबीबीएम की प्रवेश परीक्षाओं को पास किया है। स्टडी टूर के अनुभव सांझा करते हुए एक छात्र ने डीसी को बताया कि डिजिटल युग में युवा भी खेती को प्राथमिकता दे रहे हैं। यह अच्छा अनुभव हुआ है। डीसी ने सभी छात्रों को सफल टूर करने और अपने अनुभव प्रशासन के साथ सांझा करने पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। आईआईएम रोहतक के प्रोफेसर डॉ अंकित केसरवानी ने टूर के दौरान मदद व मार्गदर्शन के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान एसडीएम झज्जर विशाल कुमार और डीआईपीआरओ सतीश कुमार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *