धौलासिद्ध प्रोजेक्ट यूनियन ने ऋत्विक कंपनी के खिलाफ किया प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश भवन एवं सड़क निर्माण मजदूर यूनियन से संबंधित धौलासिद्ध प्रोजेक्ट मजदूर यूनियन ने गेट मीटिंग करके ऋत्विक कंपनी मैनेजमेंट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया । गौरतलब है कि ऋत्विक कंपनी ने प्रोजेक्ट के अंदर श्रम कानूनों को लागू न करके मजदूरों का शोषण कर रही है। जिसके चलते परियोजना में मजदूरों से बारह घंटे की मजदूरी करवाई जा रही है और ऊपर से मासिक वेतन देने के लिए कोई भी तिथि निर्धारित नहीं की गयी है। जिससे कंपनी में कार्यरत मजदूरों में खासा रोष है। दूसरी तरफ मजदूरों को ओवरटाइम का डबल भुगतान भी नहीं मिल रहा है। मजदूरों को न ही आई कार्ड मिले हैं जिसके चलते भविष्य में अगर कोई दुर्घटना घटित होती है, तो कंपनी प्रबंधन उन्हें अपना मजदूर मानने से इंकार कर सकता है ।
धौलासिद्ध प्रोजेक्ट यूनियन के महासचिव साथी संतोष कुमार ने कंपनी प्रबंधन को चेताया है कि परियोजना में श्रम कानूनों को शक्ति से लागू किया जाए और प्रोजेक्ट के मजदूरों व ठेका मजदूरों को नियमित समय पर वेतन दिया जाए उन्होंने कहा की 5 महीने पहले दो मजदूरों की डूबने से हुई मौत का मुआवजा उनके परिवारों को बार-बार कहने के बावजूद नहीं दिया गया है। दूसरी तरफ मजदूरों को मेस के अंदर दिया जाने वाला खाना भी निम्म्न दर्जे का है। जिसके लिए हर महीने प्रत्येक मजदूर से पैंतालीस सौ रुपए खाने के लिए वसूले जाते हैं। जबकि खाने की गुणवत्ता मैं भारी कमी है । जिसके चलते मजदूर को मिलने वाले पोषक तत्वों की कमी से बीमारी का सामना करना पड़ सकता है कंपनी प्रबंधन मजदूरों का शोषण करके अपना मुनाफा बढ़ाने में जुटी है। जिसका मजदूरों के अंदर भारी रोष है ।
