March 8, 2026

पूर्व में किसी भी केंद्र सरकार ने पंजाब के साथ इतना बुरा नहीं किया: धालीवाल

चंडीगढ़ – पंजाब की मंडियों में धान खरीद धीरे होने के कारण किसानों को हो रही दिक्कतों पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा की तीखी आलोचना की है। पार्टी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पंजाब के किसानों से किसान आंदोलन का बदला ले रही है।

‘आप’ पंजाब के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री कुलदीप धालीवाल ने कहा कि देश के इतिहास में किसी भी केंद्र सरकार ने आज तक पंजाब के साथ इतना बुरा व्यवहार नहीं किया। धालीवाल ने भाजपा को चेतावनी दी कहा कि इस तरह की घटिया राजनीति बंद करें नहीं तो बहुत महंगा पड़ेगा। पंजाब में भाजपा को इसका बहुत नुकसान होगा।

आप नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दोस्त अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है, ताकि किसान पूंजीपतियों पर निर्भर हो सके। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान मजदूर और आढ़ती परेशान हो रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार आंखें बंद करके बैठी हुई है। उन्होंने कहा कि कि केन्द्र सरकार ने किसानों से बदला लेने के लिए जानबूझकर गोदाम खाली नहीं करवाए। हमारे अधिकारियों ने कई बार केंद्रीय अधिकारियों को पत्र लिखें। खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय मंत्री के साथ मुलाकात की लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब के किसानों और आढ़तियों के साथ खड़ी है। हमारी पूरी कोशिश है कि किसानों के फसल का एक-एक दाना उठाया जाए। मैं किसानों को सरकार की तरफ से भरोसा देता हूं कि आपको हम नुकसान नहीं होने देंगे। केन्द्र सरकार चाहे लाख साजिशें कर ले हम उनकी साजिशें सफल नहीं होने देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *