February 16, 2026

कुटलैहड़ के साढ़े 7 सौ स्वयं सहायता समूह के साथ जुड़ी 9000 महिलाओं को बनाएंगे आत्मनिर्भर: देवेंद्र भुट्टो

बंगाणा बैठक में बोले विधायक, स्वयं सहायता समूह के लिए लगाए जाएंगे लघु उद्योग

अजय कुमार, बंगाणा, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में स्वयं सहायता ग्रुप के माध्यम से हर महिला को आत्मनिर्भर बनाकर उन की आर्थिकी मजबूत की जाएगी ताकि गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवार अपना निर्वहन आसानी से कर सकें। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए लघु इंडस्ट्री लगाई जाएगी ताकि रोजमर्रा एवं जरूरतमंद की चीजों को बनाकर महिलाएं अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सकें। यह घोषणा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने खंड विकास भवन बंगाणा में पर्यावरण दिवस पर पंचायत डीहर, खरयालता, थानाकलां एवं दोबड़ के दर्जनों स्वयं सहायता समूह को कृषि किट वितरित करने के बाद की। भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 760 स्वयं सहायता समूह है जिनमें करीब 9000 महिलाएं जुड़ी हुई है। कुछ स्वयं सहायता समूह बेहतर कार्य भी कर रहे हैं लेकिन उनका प्रयास है कि सभी स्वयं सहायता समूह के लिए जो कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से संबंधित है, उन्हें रोजमर्रा उपयोग के सामान जैसे पत्तल, दोने, बांस के बर्तन, मिट्टी के बर्तन, अचार बनाने की मशीनें एवं अन्य सामान बनाने की छोटी-छोटी इंडस्ट्री लगाई जाए जिससे कुटलैहड़ की करीब 9000 महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर परिवार का निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पूर्व यूपीए सरकार ने मनरेगा जैसी योजनाओं को लागू करके गांव के बेरोजगार व्यक्तियों को घर द्वार रोजगार देकर राहत दी है उसी प्रकार वे भी कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करेंगे। विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि बहुत जल्द कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के स्वयं सहायता समूह की प्रमुख महिलाओं के साथ बैठक करके उन्हें इंडस्ट्री लगाने बारे प्रेरित किया जाएगा। साथ ही हर स्वयं सहायता समूह से आय व्यय का ब्यौरा भी लिया जाएगा। इससे पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने पीपलू पंचायत में पर्यावरण दिवस पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के साथ साथ गणमान्य लोगों को शपथ भी दिलाई और पंचायत भवन में जनसंपर्क अभियान के तहत जनता की समस्याओं को भी सुना। इस मौके पर राज्य रेड क्रॉस के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र ठाकुर, कृषि अधिकारी डॉक्टर सतपाल धीमान, प्रभारी सुखदेव सिंह, कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, महासचिव प्रवीण शर्मा, चमनलाल फोरमैन, ठाकुर किशोरी के अलावा अधिकारी कर्मचारी एवं सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया।

कुटलैहड़ में माफिया को कोई संरक्षण नहीं, हर हाल में कुटलैहड़ बनेगा नशा मुक्त

कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में किसी प्रकार के माफिया को कोई संरक्षण नहीं मिलेगा और जनता के सहयोग से कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को नशा मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी मुहिम शुरू हो चुकी है। विधायक देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के किसी गांव, बाजार अथवा व्यक्ति विशेष जो नशे का कारोबार करता है, जनता इसकी सूचना उन्हें दे। वे खुद पुलिस प्रशासन को भेजकर उन पर कार्यवाही करवाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में उन्होंने जो वायदे किए हैं, उन पर वे पूरी तरह कायम है। कुटलैहड़ के युवा वर्ग को वे नशे के दलदल से बाहर निकाल कर पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में रुचि बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। विधानसभा क्षेत्र में किसी प्रकार के माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *