देश मे सुई से लेकर जहाज तक निर्मित होने का सारा श्रेय कांग्रेस पार्टी को: देवेंद्र भुट्टो
बंगाणा में पार्टी के स्थापना दिवस पर बोले विधायक, 50 वर्ष केंद्र में राज करके कांग्रेस पार्टी ने भारत को बनाया आत्म निर्भर,
अजय कुमार, बंगाणा, कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी द्वारा कमेटी अध्यक्ष राम आसरा शर्मा की अध्यक्षता में कांग्रेस पार्टी का 139वां दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र भुट्टो ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी व सैंकड़ों कार्यकर्ताओ ने विधायक देवेंद्र भुट्टो का गर्मजोशी से स्वागत किया और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारों से बंगाणा गूंज उठा। वही सम्मान समारोह के बाद विधायक देवेंद्र भुट्टो ने सम्बोधन में कहा कि अगर आज भारत वर्ष में सुई से लेकर जहाज तक निर्मित हो रहे है तो उसका सारा श्रेय कांग्रेस पार्टी को जाता है। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि भारत देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनियां में कांग्रेस पार्टी को बलिदान पार्टी से सम्बोधित किया जाता है। क्योंकि जिस प्रकार कांग्रेस पार्टी में गांधी परिवार के प्रधानमंत्री रहते दो महान विभूतियों ने भारत देश के लिए प्राणों की आहुति देकर बलिदान दिया है उंसे आज भी जनता याद करती है। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि जब भारत देश अंग्रेजों की हुकूमत से चलता था उस अंग्रेजों की हुकूमत से देश को आज़ाद करवाने में भी कांग्रेस पार्टी का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस अधिकतर कांग्रेस के नाम से प्रख्यात भारत के प्रमुख राजनैतिक दलों में से एक हैं। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की स्थापना ब्रिटिश राज में 28 दिसंबर 1885 को हुई थी। इसके संस्थापकों में ए॰ ओ॰ ह्यूम (थियिसोफिकल सोसाइटी के प्रमुख सदस्य) दादा भाई नौरोजी और दिनशा वाचा शामिल थे। 19वीं सदी के आखिर में और शुरूआत से लेकर मध्य 20 वीं सदी में कांग्रेस भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम में अपने 1.5 करोड़ से अधिक सदस्यों और 7 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों के साथ ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के विरोध में एक केंद्रीय भागीदार बनी। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि 1947 में स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस पार्टी भारत की प्रमुख राजनीतिक पार्टी बन गई थी। भुट्टो ने कहा कि आज़ादी से लेकर यानी 1947 से लेकर सन 2014 तक देश मे हुए 16 आम चुनावों में से कांग्रेस ने 6 में पूर्ण बहुमत जीता है और 4 में सत्तारूढ़ गठबंधन का नेतृत्व किया। अतः कुल 50 वर्षों तक वह केंद्र सरकार का हिस्सा रही। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि भारत में कांग्रेस पार्टी के सात प्रधानमंत्री रह चुके हैं। सबसे पहले पण्डित स्व जवाहर लाल नेहरू (1947-64) उसके बाद स्व लाल बहादुर शास्त्री (1964-66) उसके बाद स्व श्री मति इंदिरा गांधी (1966-77,1980-84) स्व राजीव गांधी (1984-89) पी.वी. नरसिम्हा राव (1991-96) और मनमोहन सिंह (2004-2014) थे। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि आज देश मे जो भी योजनाएं जनता के लिए धरातल पर शुरू होकर लाभ दे रही है वे सब कांग्रेस पार्टी के प्रधानमंत्री रहते हुए लागू की गई थी। इसके उपरांत देवेंद्र भुट्टो ने जन समस्याओं को भी सुना और अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया। इस मौके पर राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश संयोजक सुरिंदर ठाकुर, कमेटी के महासचिव प्रवीण शर्मा, अजय शर्मा, कुटलैहड कांग्रेस कमेटी के सदस्य, प्रधान, उपप्रधान एवम सैंकड़ों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
