February 25, 2026

उपायुक्त प्रीति ने दिए गांव मानकावास में जनसुविधाएं मुहैया करवाने के आदेश

चरखी दादरी, 27 जुलाई। गांव मानकावास में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, नियमित बिजली आपूर्ति, सुदृढ़ सडक़ें, साफ-सुथरी गलियां और अन्य जनसुविधाएं मुहैया करवाने के लिए संबधित विभागों को योजनाबद्घ कार्य करवाने के आदेश दे दिए गए हैं। ग्रामवासियों को आने वाले समय में इन समस्याओं का समाधान होता दिखाई देगा। हरियाणा सरकार की ओर से एक गांव की ग्राम संरक्षक के तौर पर दी गई जिम्मेदारी को निभाते हुए उपायुक्त प्रीति ने मानकावास का दौरा करते हुए यह बात कही। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जनसमस्याओं का निराकरण अवश्य होगा। मानकावास के निवासियों ने गांव के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित हुई ग्राम सभा में बताया कि यहां गलियों में जलभराव की भारी परेशानी बनी हुई है। पीने का पानी साफ नहीं आ रहा है। गांव के स्वास्थ्य केंद्र में योग्य चिकित्सक की कमी है। सरकारी भवनों की हालत जर्जर है। गांव में पिछले तीन साल से लाईब्रेरी बनाने का काम पूरा नहीं हुआ है। राजकीय विद्यालय के मैदान की चारदीवारी नहीं बनी हुई है। मानकावास में दो करोड़ 92 लाख की लागत से जलघर बनना था, जो आज तक शुरू नहीं हुआ। उपायुक्त ने कहा कि गांव में पर्याप्त जनसुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन की ओर से ठोस कार्यवाही की जाएगी।
उपायुक्त ने शांतिपूर्वक सभी समस्याओं को सुनने के बाद गांव का दौरा किया और कहा कि संबधित विभाग जल्दी ही इनका निदान करने की कार्यवाही शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को भी गांव की सफाई व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। महिला जनप्रतिनिधि को स्वतंत्र रूप से काम करने दें। उन्होंने गांव के बूस्टिंग स्टेशन, शिवधाम, सरकारी अस्पताल, पशु औषधालय, स्टेडियम आदि का निरीक्षण किया और मौके पर ही इनका कायाकल्प करवाने के लिए अधिकारियों से बातचीत की। उपायुक्त ने कहा कि राजकीय कन्या विद्यालय में नए शौचालय बनवाए जाएं।
राजकीय कन्या विद्यालय के मिड-डे मील स्टोर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने यहां सामान के उचित रख-रखाव और अनाज व खाद्य सामग्री को सफाई से रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने एडीसी डा. जयेंद्र सिंह, जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कौशिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान, खंड शिक्षा अधिकारी कंवरपाल सिंह, पीओ गीता सहारण, मुख्याध्यापक अशोक मुदगिल, सरपंच रचना देवी के साथ मिड-डे मील बैठकर खाया। ग्रामीणों ने मांग रखी कि इस स्कूल में लडक़ों के एडमिशन बंद हो गए हैं। इस पर उपायुक्त ने बीईओ को एमआईएस पोर्टल पर स्कूल की स्थिति ठीक करने को कहा। उन्होंने कहा कि नौवीं, दसवीं में सौ से अधिक विद्यार्थी होने पर इस स्कूल का दर्जा दस जमा दो तक करवा दिया जाएगा। इस दौरान राजकीय विद्यालय में साफ भवन, स्वच्छता, हरियाली और स्मार्ट क्लासों की अधिकारियों ने सराहना की।
उपायुक्त प्रीति ने इसी स्कूल परिसर में स्थापित आंगनबाडी सैंटर का गहनता से निरीक्षण किया। यहां भी उपायुक्त अनाज व साफ-सफाई को देखकर संतुष्टï नहीं थी। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारण को आंगनबाड़ी सैंटर में सफाई से भोजन बनाने और बच्चों का सही रिकार्ड रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव के कुछ लोगों को बुलाकर उनके परिवार पहचान पत्रों में दिए गए विवरण की जांच की तथा उन्हें ठीक करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने स्कूल प्रांगण में पौधारोपण किया। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को पौधे वितरित किए गए। इससे पहले गांव में राजकीय विद्यालय से स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसे अतिरिक्त उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीईओ प्रदीप कौशिक ने कहा कि एसएसए से एस्टीमेट बनवाकर स्कूल की चारदीवारी को मनरेगा से बनवा दिया जाएगा।
इस मौके पर ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला समन्वयक शिवांशु मिश्रा, मास्टर राजेश ढिल्लू, सुपरवाईजर पायल सोनी, बीपीएम नीरज, वीरेंद्र सिंह, शमशेर सिंह इत्यादि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *