डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने ‘बिल लाओ ईनाम पाओ’ योजना की शुरुआत की
बिल लाओ, ईनाम पाओ’ योजना का उद्देश्य जी.एस.टी के अंतर्गत नियमों के पालन को यकीनी बनाना: डिप्टी कमिश्नर
सुखविंद्र, होशियारपुर, 01 सितंबर: मुख्य मंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से टैक्स चोरी को रोकने के लिए ‘बिल लाओ, ईनाम पाओ’ योजना के अंतर्गत ‘मेरा बिल’ एप तैयार की गई है। आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स होशियारपुर में इस एप पर बिल अपलोड करने की शुरुआत करने के दौरान डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य जी.एस.टी के अंतर्गत नियमों के पालन को यकीनी बनाने के साथ-साथ ग्राहकों को बिल लेने के लिए उत्साहित कर राजस्व को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यह योजना उपभोक्ताओं को कोई भी सामान खरीदने के समय विक्रेता से बिल प्राप्त करने के लिए उत्साहित करने के लिए जारी की गई है। उन्होंने बताया कि ‘मेरा बिल’ एप एंडरॉयड फोन के लिए गुगल प्ले स्टोर व एप्पल के लिए एप स्टोर पर डाउनलोड की जा सकती है।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि उपभोक्ताओं को ‘मेरा बिल’ एप पर खरीद का बिल अपलोड करने के लिए उत्साहित किया जाएगा, जिसके बाद यह उपभोक्ता लक्की ड्रा में शामिल होने के योग्य हो जाएंगे और लक्की ड्रा हर महीने की 7 तारीख को निकाला जाएगा। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि हर जिले से अधिक से अधिक 10 पुरस्कार दिए जाने हैं और योग्य बिल की रकम कम से कम दो सौ रुपए होने चाहिए। उन्होंने बताया कि यह ईनाम वस्तु/सेवा के लिए अदा किए हर कर योग्य रकम के पांच गुणा के बराबर होगा परंतु यह ईनाम अधिक से अधिक 10 हजार रुपए तक के मूल्य का होगा। उन्होंने बताया कि विजेताओं की सूची कराधान विभाग की वैबसाइट पर डाली जाएगी व विजेताओं को मोबाइल एप के माध्यम से भी सूचित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विजेता उपभोक्ताओं की ओर से मोबाइल एप पर सही बैंक अकाउंट नंबर व आई.एफ.एस.सी कोड अपलोड करना अनिवार्य होगा व ईनाम राशी उनके दिए गए खातों में सीधे तौर पर भेजी जाएगी।
