उपायुक्त ने दिए एलपीजी गैस व पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश
- जिलावासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
- अनावश्यक भंडारण पर रखें कड़ी नजर
नूंह, –
उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में वीरवार को जिला नूंह में एलपीजी गैस एजेंसियों तथा पेट्रोल पंप संगठनों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी एजेंसी संचालकों व पेट्रोल पंप संचालकों से आह्वान किया कि जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रखें तथा उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दें।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस वितरण या पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने संगठनों से कहा कि वे उपभोक्ताओं को अनावश्यक भंडारण (स्टॉक) करने में सहयोग न करें। यदि कोई व्यक्ति तेल या गैस का अनावश्यक भंडारण करता है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि एलपीजी गैस की बुकिंग या वितरण से संबंधित किसी भी उपभोक्ता को यदि परेशानी आती है तो संबंधित एजेंसी द्वारा उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में घरेलू एलपीजी कनेक्शन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और सभी पेट्रोल पंप व एलपीजी वितरक एजेंसियां नियमित रूप से तेल व गैस की आपूर्ति जारी रखें, ताकि आम लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी उपभोक्ता की समस्या का समाधान एजेंसी स्तर पर नहीं हो पाता है, तो वह जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के नजदीकी कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी सभी शिकायतों का समयबद्ध और उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर एसडीएम नूंह अंकिता पुवार, एएसपी आयुष यादव, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक सीमा शर्मा सहित गैस एजेंसी व पेट्रोल पंप संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
