पंजाब में घना कोहरा छाया, कल बारिश का अलर्ट
नवांशहर सबसे ठंडा, कई फ्लाइट्स लेट
मोहाली, पंजाब और चंडीगढ़ में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह और शाम धुंध छाए रहने से ठंड में भी इजाफा हुआ है। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 20 से 22 दिसंबर के बीच प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। राज्य में न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नवांशहर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटियाला, लुधियाना और अमृतसर में घना कोहरा देखने को मिला। जालंधर में धुंध के कारण एक सड़क हादसे की भी सूचना है। घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से आने-जाने वाली पांच फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। इनमें मुंबई, दिल्ली, कोलकाता जाने वाली और बेंगलुरु व पुणे से आने वाली फ्लाइट्स शामिल हैं, जो धुंध के कारण देरी से संचालित हो रही हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक हवाओं की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण और कोहरे में कुछ हद तक कमी आई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। विभाग ने अमृतसर, तरनतारन, बठिंडा, बरनाला, संगरूर, पटियाला, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, नवांशहर, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर और मानसा समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ में इस तरह का मौसम 22 दिसंबर तक बना रहेगा। 20 से 22 दिसंबर के बीच हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 19 और 23-24 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
