February 17, 2026

हिमाचल के 7 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

ठंड और बढ़ने के आसार

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में बुधवार को घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के निचले क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाए रहने की संभावना है। यह चेतावनी अगले चार दिनों तक प्रभावी रहेगी। कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम हो सकती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है। कोहरे के चलते सुबह-शाम और रात के समय ठंड में और इजाफा होने की संभावना है। 23 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे
प्रदेश के 23 शहरों में न्यूनतम तापमान पहले ही 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। इनमें से पांच स्थानों पर पारा शून्य से नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में तापमान माइनस 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कुकुमसेरी में माइनस 7.1, नारकंडा में माइनस 2.0, रिकांगपियो में माइनस 0.5 और कल्पा में माइनस 3.4 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा सुंदरनगर में 1.3, सोलन में 0.2, कुफरी में 0.1 और सियोबाग में 1.0 डिग्री के साथ तापमान जमाव बिंदु के आसपास पहुंच गया है।
अगले 6 दिन मौसम साफ
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन ठंड और कोहरे से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *