February 19, 2026

खरड़ में वन्दे भारत,श्री कीरतपुर साहिब में सचखंड और स्वरामती एक्सप्रेस के स्टापेज की रखी मांग  

डॉ. सुभाष शर्मा ने की रेल मंत्री से मुलाकात

नवांशहर-खन्ना और बलाचौर-रोपड़ के लिए मांगी रेल लाइन
श्री आनंदपुर साहिब से संबंधित रेलवे से जुड़े मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन

चंडीगढ़: पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष एवं श्री आनंदपुर साहिब से लोकसभा चुनाव लड़ चुके डॉ. सुभाष शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा हलके से जुड़े रेलवे संबंधित विषयों के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के दौरान डॉ. सुभाष शर्मा ने रेलवे मंत्री को मोहाली, रोपड़ और नवांशहर जिलों से जुड़े विभिन्न विषयों के बारे में बताया। 

 उन्होंने कहा मोहाली के गांव शामपुर और रायपुर कलां के बीचे के रेलवे अंडरपास पर शेड की आवश्यकता है ताकि वहां बरसात में पानी खड़ा न हो। इसके अलावा मोहाली के गांव सनेटा में लांडरा रोड पर बने ओवरब्रिज को चौड़ा किया जाए। खरड़ रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत (ऊना से दिल्ली) का स्टॉपेज बनाया जाए। डॉ. सुभाष शर्मा ने बताया कि रोपड़ जिले के अंतर्गत आता दिल्ली-ऊना रेलवे लाइन नंगल से दो हिस्सों में बंट गया है। यहां पर अंडरपास बनना चाहिए। इसके अलावा श्री कीरतपुर साहिब में सचखंड एक्सप्रेस और स्वरामती एक्सप्रेस का स्टॉपेज बनना चाहिए। साथ ही मोरिंडा रेलवे स्टेशन का नाम माता गुजरी जी के नाम पर रखा जाए। मोहाली और रोपड़ जिलों की तरह नवांशहर जिले के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि नवांशहर को खन्ना के साथ नई रेल लाइन (40 किलोमीटर) और बलाचौर को रोपड़ से नई रेल लाइन (30 किलोमीटर) बनाकर जोड़ा जाना चाहिए । 

इन सब विषयों के बारे में बताते हुए डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि वे श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा हलके के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और इन समस्याओं के समाधान से हलके की जनता को काफी लाभ होगा। इसलिए उन्होंने रेल मंत्री से इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है । डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि रेल मंत्री ने उनके आग्रह को स्वीकार कर श्री आनंदपुर साहिब हलके से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श करने का आश्वासन दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *