सिविल अस्पताल बंगाणा में आरंभ हुई डिलीवरी सुविधा
क्षेत्र के लोग कई सालों से कर रहे थे इस सुविधा का इंतजार
अजय शर्मा। बंगाणा सिविल हॉस्पिटल बांगणा में महिलाओं की डिलीवरी सुविधा आरंभ हो गई है। अस्पताल में गायनी चिकित्सक की तैनाती होने के बाद क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं डिलीवरी के लिए यहां पर पहुंच रही हैं। मंगलवार के दिन अस्पताल में दो महिलाओं की सफलतापूर्वक डिलीवरी गायनी चिकित्सा अतुल राणा द्वारा कार्रवाई गई। 50000 आबादी वाले इस क्षेत्र की महिलाओं को अब गायनी संबंधित उपचार के लिए जिले के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इस सुविधा से क्षेत्र के लोगों की जहां धन व समय की बचत होगी वहीं जच्चा व बच्चा की सुरक्षा भी बढ़ेगी। अस्पताल में एक गायनी चिकित्सा और 1 लैब टेक्निशियन को तैनात किया गया है और इनके रहने की व्यवस्था भी हॉस्पिटल परिसर में है। जिससे महिलाओं को 24 घंटे इलाज की सहूलियत मिलेगी। 24 घंटे आपातकालीन सहूलियत भी मरीज को इस अस्पताल में मिल रही है। सिविल हॉस्पिटल में डिलिवरी की सुविधा शुरू होने का इंतजार लोगों को लंबे समय से था। पहले यह सुविधा पिछले वर्ष से शुरू होनी थी लेकिन डॉक्टर उपलब्ध न होने के चलते मामला लटका हुआ था। गौर रहे कि पिछले सप्ताह ही सिविल हॉस्पिटल बंगाणा में वरिष्ठ गायनी चिकित्सक अतुल राणा की नियुक्ति हुई थी। अतुल राणा एक वरिष्ठ व अनुभवी चिकित्सक हैं जिसकी वजह से सिविल अस्पताल में महिला मरीजों की ओपीडी भी बढ़ रही है व महिलाओं की डिलीवरी सुविधा भी आरंभ हो गई है। इस उपलब्धि के लिए क्षेत्र के लोगों में पंचायत प्रधान बांगणा विजय शर्मा, उप प्रधान अजय शर्मा, मनोज शर्मा, मेडिकल स्टोर संचालक विजय सहगल, सुभाष चंद्र, राजेंद्र , मीना, पुष्पा,अंजली,पूनम ,विनोद शर्मा सहित कई लोगों ने विधायक देवेंद्र कुमार, व प्रदेश सरकार का आभार जताया है। इस संबंध में वरिष्ठ गायनी चिकित्सक अतुल राणा ने कहा कि महिलाएं गायनी संबंधित जानकारी व उपचार के लिए किसी भी समय अस्पताल में उनसे जानकारी ले सकती हैं। महिलाओं की डिलीवरी बहुत आसान तरीके से यहां पर करवाई जा रही हैं।
