February 15, 2026

दिल्ली में हुआ बीबीएमबी कर्मचारियों की मांगों पर समयबद्ध समाधान का निर्णय

कर्मचारियों के लिए खुशखबरी

शिवांकुर शर्मा, नंगल, भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली में मुख्य श्रम आयुक्त के कार्यालय में बीबीएमबी प्रबंधन और भाखड़ा ब्यास इंप्लाइज यूनियन (एटक ऐफी) के प्रतिनिधियों की बैठक में कर्मचारियों की कई मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। इस सकारात्मक कदम ने कर्मचारियों में नई उम्मीद जगाई है।

यूनियन के महासचिव सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि उप मुख्य श्रमायुक्त, दिल्ली ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद सात में से तीन प्रमुख मांगों पर कर्मचारी हित में त्वरित निर्णय सुनाए। अगले दो महीनों में राजस्थान कैडर के कर्मचारियों को बीबीएमबी के वेतनमान का लाभ मिलेगा। पार्ट-टाइम और डेली वेज कर्मचारियों को केंद्र सरकार की वेतन दरों के अनुसार वेतन दिया जाएगा, जिसमें राज्य और केंद्र की दरों में से अधिकतर लागू होगी। साथ ही, अनुबंधित कर्मचारियों के लिए ईपीएफ और सीपीएफ की कटौती तुरंत शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

ओवरटाइम और 1 जनवरी 2016 से लंबित एरियर के दावों के लिए यूनियन को लेबर कमिश्नर, चंडीगढ़ के पास क्लेम फाइल करने को कहा गया है। इंसेंटिव से संबंधित मांग को बोर्ड के समक्ष पुनर्विचार के लिए भेजा गया है। शेष मुद्दों के निपटारे के लिए उप श्रमायुक्त, चंडीगढ़ के कार्यालय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुरेश कुमार सैनी ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यूनियन शेष मांगों के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। यह कदम कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्यस्थल और आर्थिक स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *