February 25, 2026

बेटियों के सुखद भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना लाभकारी: डीसी

खाता खुलवाने के लिए बेटी का जन्म प्रमाण पत्र जरूरी
झज्जर, कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा क्रियान्वित अनेक योजनाओं में से एक बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना कारगर साबित हो रही है। इस योजना के तहत डाकघर और बैंकों में खाता खुलवा कर छोटी-छोटी बचत कर रुपए एकत्रित किए जा सकते हैं,जबकि बेटी की उच्च शिक्षा व शादी के समय इस पैसे को प्रयोग कर सकते हैं।
डीसी ने बताया कि सरकार ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत सुकन्या समृद्धि योजना शुरू की है। योजना के तहत बालिका का जिला के किसी भी डाकघर और बैंकों में खाता खुलवाया जा सकता है। माता-पिता द्वारा इस खाते में जोड़ा गया पैसा बालिका को अपने जीवन में आगे बढऩे में सहायता करेगा। एक वर्ष में अधिक से अधिक खाते में एक लाख 50 हजार रुपये जमा करवाए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जमा राशि व परिपक्वता राशि पर इनकम टैक्स में छूट दी गई है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बेटी की आयु 18 वर्ष की होने के बाद जब भी शादी करें, खाता बंद करवा सकते है। विवाह से एक माह पहले या तीन महीने बाद तक खाता बंद करवाया जा सकता है। योजना के तहत माता-पिता अपनी बेटी की शिक्षा, शादी हेतु थोड़ा-थोड़ा करके पैसा जमा करवाकर चक्रवृद्धि ब्याज पर पैसा जोड़ सकते है। इस योजना के तहत दसवीं की परीक्षा पास करने तथा 18 वर्ष की आयु होने पर लड़की की उच्च शिक्षा के लिए आधा पैसा भी निकाल सकते है तथा शेष राशि शादी के समय निकाली जा सकती है। खाता खुलवाने के लिए आवेदन पत्र के साथ बेटी का जन्म प्रमाण पत्र, माता या पिता का फोटो, आईडी तथा रिहायशी प्रमाण-पत्र संलग्न करना होगा। कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के उज्जवल भविष्य के लिए बहुत ही अच्छी योजना है। बेटियों के अभिभावक इस योजना के माध्यम से अपनी बच्चियों का भविष्य उज्जवल व सुरक्षित कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *