डीसी शक्ति सिंह ने जिलावासियों को दी दीपावली पर्व पर शुभकामनाएं
दीपावली का पावन पर्व प्रत्येक व्यक्ति के लिए समृद्धि व खुशहाली लेकर आए
झज्जर, डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने जिलावासियों को दीपावली के त्योहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पावन पर्व सभी के जीवन में अपार खुशियां, समृद्धि व खुशहाली लेकर आए। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में आमजन से आह्वान किया है कि दीपोत्सव के पावन पर्व को गरिमा व सौहार्दपूर्ण व इको फ्रेंडली तरीके से मनाएं ताकि पर्यावरण प्रदूषित न हो। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष में दीपावली पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। धनतेरस से इस त्योहार की शुरुआत होती है और ये भाई दूज तक चलता है। इस वर्ष बड़ी दीपावली रविवार 12 नवम्बर को है। स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं पटाखे : कैप्टन शक्ति सिंह डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि दीपावली पर पटाखों से वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है और अस्थमा के रोगियों ,बच्चों व बुजुर्गों को दिक्कत पेश आती है। उन्होंने कहा कि पटाखों से जो हानिकारक विषैली गैस निकलती हैं उनका स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है और वह प्रभाव लंबे समय तक रहता है। पटाखों व आतिशबाजी से वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा श्वास संबंधी रोगियों पर बुरा प्रभाव पडता है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि जिलावासी मिलकर अपने पर्यावरण को अपनी भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखें, यह हम सबकी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने जिला वासियों से इस दीपावली पर पटाखों का प्रयोग नहीं करने का संकल्प लेने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पटाखे कई प्रकार से पर्यावरण व हमारे स्वास्थ्य के लिए घातक हैं। इसलिए जनहित तथा पर्यावरण हित में दीपावली पर आतिशबाजी न छोड़ें और दीप जलाकर रोशनी के इस पर्व को खुशी से मनाएं।
