रबी की फसल उत्पाद की खरीद की तैयारियां जोरों पर : डीसी
डी सी कैप्टन शक्ति सिंह ने खरीद की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
झज्जर, रबी की फसलों की कटाई का सीजन शुरू होते ही शासन-प्रशासन ने मंडियों में न्यूनतम मूल्य पर खरीद की तैयारियां शुरू कर दी है। डी सी कैप्टन शक्ति सिंह ने लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों के साथ अब की गई तैयारियों की समीक्षा बैठक की, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इससे पहले मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर ने जिला प्रशासन के साथ मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल और फसल खरीद की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डी सी ने कहा कि सरकार द्वारा तय समय व नियमों की अनुसार रबी की फसलों की खरीद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। पहले सरसों की खरीद शुरू होगी। सरसों की आवक अगले सप्ताह मंगलवार से शुरू हो जाएगी। जिला में झज्जर, मातनहेल, ढाकला, बेरी, बहादुरगढ़ व पाटौदा में सरसों के खरीद केंद्र बनाए गए हैं। जिला झज्जर में हरियाणा वेयर हाउस व हैेफेड द्वारा खरीद की जाएगी। जबकि गेंहू की खरीद के लिए आसौदा, बहादुरगढ़, बेरी, छारा, झज्जर,माजरा डी, मातनहेल, ढाकला, बादली व पाटौदा में खरीद केंद्र बनाए जा रहे हैं ।
डीसी ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीद एजेसियों से कहा कि बारदाना आदि की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। बैठक में एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, डीआरओ प्रमोद चहल सहित राजस्व, कृषि व अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
