डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने गेहूं खरीद को लेकर #झज्जर और बेरी अनाज मंडियों का किया निरीक्षण
मंडियों में कमियों को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
झज्जर, डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने रबी की फसलों की खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला की झज्जर व बेरी अनाज मंडियों का औचक निरीक्षण किया। डीसी ने अनाज मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से बातचीत की और फसल खरीद की व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने सरसों उपज की गुणवत्ता की जांच की और कहा कि किसान मंडियों में अपनी उपज को सुखाकर बिक्री के लिए लाएं। उन्होंने कहा कि जिला में गेहूं की बंपर पैदावार होने का अनुमान है,ऐसे में मंडियों में किसानों की उपज की खरीद में किसी प्रकार की कोई अड़चने ना आने पाएं,इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिला की मंडियों में सुगम तरीके से हो फसल खरीद कार्य : डीसी
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह सर्वप्रथम अधिकारियों के साथ झज्जर स्थित नई अनाज मंडी पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया,इसके उपरांत बेरी अनाज मंडी का निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश दिए। डीसी ने खरीद प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों से बारदाने की उपलब्धता,नमी मापक यंत्र के अलावा अन्य कार्यो की विस्तार से जानकारी ली। इस बीच मंडी परिसरों में आढतियों से भी खरीद प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए सुझाव लिए। उन्होंने दोहराया कि खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना होने पाए,इसके लिए आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं। मार्किट कमेटी बेरी के प्रशासक एवं एसडीएम रविंद्र मलिक ने डीसी कैप्टन शक्ति सिंह को खरीद प्रक्रिया को लेकर विस्तार से जानकारी सांझा की। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
डीसी ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नमी के मानकों को ध्यान में रखते हुए खरीद की जाए। फसलों के उठान को लेकर भी डीसी ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि एजेंसियां तय समय में फसल का उठान करते हुए गोदाम तक पहुंचाएं ताकि बारिश व अन्य कारणों से गेहूं व अन्य फसलों को नुकसान ना पहुंचे। इसके अलावा मार्केट कमेटी के अधिकारियों को किसानों के लिए अनाज मंडियों में बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए शौचालय, पेयजल के अलावा टोकन सिस्टम अनाज मंडियों में सुनिश्चित की जाएं। किसानों को फसल बिक्री के दौरान किसी प्रकार की असुविधा ना हो,इसके लिए हैल्प डेस्क स्थापित किया जाए। उन्होंने झज्जर स्थित नई अनाज मंडी में शैड की रिपेयरिंग कराने के निर्देश दिए और कहा कि शैड की रिपेयरिंग कार्य बहुत जरूरी है,जिससे फसल का सुरक्षित भंडारण संभव हो सकेगा।
निरीक्षण में यह अधिकारी रहे उपस्थित
इस मौके पर मार्किट कमेटी झज्जर के प्रशासक एवं एसडीएम रविंद्र यादव,डीआरओ प्रमोद चहल,सचिव मार्किट कमेटी सविता सैनी, बेरी मार्किट कमेटी सचिव संजय फौगाट सहित खरीद एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित थे।
