डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने ली पेट्रोलियम पदार्थो तथा उर्वरक वितरकों की बैठक
जिला महेंद्रगढ़ में पेट्रोलियम पदार्थों और उर्वरकों की कोई कमी नहीं
कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: उपायुक्त
नारनौल, उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने आज स्थानीय सभागार में पेट्रोलियम पदार्थों और उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों के साथ सभागार में एक समीक्षा बैठक की। डीसी ने स्पष्ट किया कि जिला महेंद्रगढ़ में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और फर्टिलाइजर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी नागरिक को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उपायुक्त ने कहा कि कुछ समय पहले कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर दुर्भावनापूर्ण तरीके से समस्याएं पैदा करने की कोशिश की गई थी। इस कारण आम जनता में थोड़ी संशय की स्थिति बनी थी, लेकिन प्रशासन की सख्ती के बाद अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
उपायुक्त ने सभी वितरकों और एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने व्यवसाय को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ चलाएं।
उन्होंने कहा कि इस समय प्रशासन का मुख्य फोकस होम डिलीवरी व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर है ताकि जनता को उनके घर पर ही सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी एजेंसी या व्यक्ति इस स्थिति का गलत फायदा उठाने की कोशिश करेगा या कालाबाजारी में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सरकार के नियमानुसार कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि गलत तरीके से किया गया व्यवसाय कभी कामयाब नहीं होता और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना हर व्यवसायी का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि हम सबके आपसी सहयोग से ही जिला और प्रदेश की छवि को बेहतर बनाए रखा जा सकता है। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुओं के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वितरण प्रणाली में किसी भी स्तर पर भेदभाव न हो।
