डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने किया मतगणना केंद्रों का निरीक्षण
हरियाणा की 15वीं विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को झज्जर जिला में पूरी व्यवस्था पूर्ण तरीके से चारों विधानसभा क्षेत्रों के नेहरू कॉलेज प्रांगण में स्थित मतगणना केंद्रों पर मतगणना प्रक्रिया विधिवत रूप से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। मतगणना पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में बेहतर व सुरक्षात्मक ढंग से संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा मतगणना का कार्य किया गया। मतगणना के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने नेहरू कॉलेज में स्थित मतगणना केंद्रों का दौरा करते हुए चल रही मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना प्रत्याशियों व उनके मतगणना एजेंट के सामने पारदर्शिता के साथ की गई जिसमें भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों की पालना सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया से लेकर मतगणना प्रक्रिया को पूरी सजगता व सक्रियता के साथ पूरा किया गया है। किसी भी रूप से भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों की अवहेलना न हो इसके लिए हर स्तर पर पुख्ता प्रबंध किए गए थे। डीसी ने जिला में शांति प्रिय ढंग से संपन्न हुई मतगणना में सभी प्रत्याशियों व चुनावी प्रक्रिया में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद देते हुए कहा कि टीम भावना के साथ ही विधानसभा चुनाव को पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता व सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूरा किया गया है।
डीसी ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने में प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में नेहरू कॉलेज में बनाए गए अलग-अलग मतगणना केंद्रों में हुई। सभी मतगणना केंद्रों पर पूरी पारदर्शिता के साथ मतगणना का कार्य भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त मतगणना पर्यवेक्षक मुक्तानंद अग्रवाल (आईएएस) व अबनिकांता पटनायक(आईएएस), नारायण चंद्र विश्वास (आईएएस) , एजे देसाई(आईएएस) की मौजूदगी में व्यवस्था पूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
विजेता प्रत्याशियों को रिटर्निंग अधिकारी ने सौंपे निर्वाचन प्रमाण पत्र
मंगलवार को जिला के सभी मतगणना केंद्रों पर मतगणना उपरांत विजेता रहे प्रत्याशियों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपे उपलब्ध करवा दिए गए। झज्जर-66 विधानसभा क्षेत्र के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी रविंद्र यादव ने इंडियन नैश्नल कांग्रेस की विजयी रही प्रत्याशी गीता भुक्कल, बेरी-67 के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी रविंद्र मलिक ने कांग्रेस पार्टी के विजयी प्रत्याशी डॉ रघुबीर सिंह कादयान, बादली-65 विधानसभा क्षेत्र के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी सतीश यादव ने कांग्रेस पार्टी के विजयी रहे प्रत्याशी कुलदीप वत्स, बहादुरगढ़-64 के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी परमजीत सिंह ने विजयी रहे निर्दलीय उम्मीदवार राजेश जून को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा,डीसीपी शशांक कुमार सावन और डीसीपी लोगेश कुमार पी,डीएमसी परवेश कादियान,डीआरओ प्रमोद चहल,डीडीपीओ निशा तंवर,तहसीलदार जगदीश चंद्र बिश्नोई व जयवीर सिंह बुधवार,नायब तहसीलदार रविंद्र शर्मा,नायब तहसीलदार कीर्ति रानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
