किसानों की सहमति से फिर शुरू हुआ डल्लेवाल का इलाज
संगरूर: खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को चार जनवरी महापंचायत के बाद आज ट्रॉली से बाहर शिफ्ट किया गया है।
मंच के समीप ही एक नई ट्राली में जगजीत सिंह डल्लेवाल को रखा जाएगा, जहां पटियाला के सिविल सर्जन की मौजूदगी में डॉक्टरी टीम ने दोपहर सवा दो बजे मेडिकल ट्रीटमेंट दोबारा आरंभ कर दिया गया है।
रात करीब ग्यारह बजे से डल्लेवाल ने ड्रिप बंद करवा दी थी। रात के समय डॉक्टरों की मेडिकल टीम की लापरवाही बाबत सिविल सर्जन पटियाला ने किसान नेताओं से बातचीत की, जिस पर प्रशासन ने भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने का भरोसा दिलाया, जिस उपरांत किसान नेताओं ने डल्लेवाल के इलाज के लिए सहमति दे दी और इलाज दोबारा से शुरू कर दिया गया।
इस बीच एक किसान नेता ने कहा कि तीन दिन के उपचार के बाद सेहत में कुछ सुधार हुआ है लेकिन रातभर नींद नहीं आई व अब फिर सिर में दर्द है।
उन्होंने कहा था कि बंद ट्रॉली से मन भर सा गया है व बाहरी हवा में निकलने का मन कर रहा है। आमरण अनशन समाप्त करने की सरवन सिंह पंढेर की अपील पर उन्होंने कहा कि सभी चाहते थे कि वह आमरण अनशन समाप्त कर दें लेकिन केंद्र पर आंदोलन का दबाव बना है व इस घड़ी में दबाव को रिलीज करना ठीक नहीं है।
