जिलों में भी अपने स्तर पर साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा
हरियाणा से नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए ड्रग फ्री हरियाणा अभियान को तीव्र गति प्रदान करने और एक स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा 1 सितंबर से 25 सितंबर तक साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल 1 सितंबर को करनाल से हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन का आगाज करेंगे और इसका समापन 25 सितंबर को यमुनानगर में होगा। इसके अलावा, जिलों में भी अपने स्तर पर साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी उमाशंकर ने यह जानकारी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ आयोजित महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने निर्देश दिए कि इस साइक्लोथॉन में छात्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
