पंजाब में अपराध बढ़ा, आप सरकार के राज में प्रदेशवासी असुरक्षित: अविनाश राय खन्ना
होशियारपुर : भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने कहा कि पंजाब में अपराध दिन प्रतिदिन अपने पैर पसार रहा है जिसके चलते आएदिन हत्याएं हो रही हैं। खन्ना ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कमजोर नेतृत्व में आपराधिक ताकतें तेजी से फल फूल रही हैं जिसके चलते प्रदेशवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आप सरकार प्रदेश की कानून व्यवस्था संभालने में फेल साबित हुई है जिसके चलते पंजाब में कत्ल, लूटपाट, बलात्कार तथा फिरौती जैसी घटनाओ की दर तेजी से बढ़ रही है।
उक्त विचार खन्ना ने खुला दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनते हुए व्यक्त किए। इस मौके उपस्थित बुद्धिजीवियों ने खन्ना के साथ प्रदेश के निरंतर बिगड़ रहे हालातों पर चर्चा भी की। इस मौके खन्ना ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को बारूद के ढेर पर ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान तथा उनके मंत्री सत्ता सुख भोगने में व्यस्त हैं और प्रदेश के हालात बाद से बदतर होते जा रहे हैं। खन्ना ने कहा कि भगवंत मान को अब चाहिए कि पंजाब की बागडोर खुद ही राज्यपाल के हाथों में सौंप दें ताकि प्रदेश में कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बना रहे और पंजाब में शान्ति का माहौल स्थापित हो सके। इस मौके लोगों ने खन्ना के समक्ष बरसाती पानी कि निकासी, बाढ़ प्रबंधन न होने, पीने के पानी की किल्लत सहित पंजाब में चरमराई कानून व्यवस्था संबधी समस्याएं रखीं। खन्ना ने इन समस्याओं का केंद्र सरकार एवं प्रदेश मानवाधिकार आयोग की मदद से निवारण करवाने का आश्वासन दिया।
