बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए रचनात्मक गतिविधियां जरूरीः उपायुक्त
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वाधान में बाल दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इस बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला बाल कल्याण परिषद झज्जर कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि ये प्रतियोगिताएं 14 अक्टूबर से लेकर 16 अक्टूबर तक बाल भवन झज्जर और सवेरा स्कूल, झज्जर में आयोजित की जाएंगी उपायुक्त महोदय ने कहा कि विद्यार्थियों को चहुंमुखी विकास के लिए रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि बाल महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तर पर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जा रहा है। जिला स्तर के विजेताओं को मंडल स्तर तथा राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं में हुनर दिखाने का मौका मिलेगा, साथ ही जिला स्तर के विजेता बच्चों को दिनांक 14 नवंबर को बाल दिवस के मौके पर पुरस्कृत किया जाएगा। इस संदर्भ में जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खूँडिया ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए विद्यार्थियों को चार समूहों में विभाजित किया गया है। पहले समूह में 5 वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया है। इसी प्रकार दूसरे समूह में छठी से आठवीं कक्षा तथा तीसरे समूह में 9वीं व 10वीं और चौथे समूह में 11वीं व 12 वीं के विद्यार्थियों को सम्मिलित किया गया है। प्रतियोगिताओं का आयोजन 14 अक्टूबर से बाल भवन झज्जर और सवेरा स्कूल, झज्जर में किया जाएगा।
जिला बाल कल्याण अधिकारी ने बताया कि विभिन्न स्पर्धाओं के लिए विषयों का निर्धारण किया गया है। इससे संबंधित और अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में बाल भवन कार्यालय दूरभाष नंबर 01251,254859 संपर्क कर सकते हैं। dcwojjr@gmail.com मेल भेज कर सरकारी, गैर सरकारी स्कूल अपनी उपस्थिती दर्ज करा सकते है उन्होंने बताया कि प्रतिभागी को आयु प्रमाण पत्र के साथ आधार कार्ड व कैटेगरी प्रमाण पत्र की सत्यापित फोटोकॉपी साथ लानी होगी। रंगोली, क्ले मॉडलिंग, कार्ड मेकिंग स्पर्धाओं के लिए प्रतिभागी को सामान खुद लाना होगा। ड्राइंग सीट कार्यालय द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी।सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं (नृत्य एवं गायन) में वल्गर गीत/ नृत्य की अनुमति नहीं होगी ।
