डॉ.नदीम अख्तर को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
शि.प. भगवान शिव पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मैहतपुर स्थित ईशान आई हॉस्पिटल के मालिक डॉ नदीम अख्तर को न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आज ऊना सदर पुलिस ने डॉक्टर नदीम को सीजेएम कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने उसे 8 अगस्त तक 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। नदीम अख्तर ने भगवान शिव व शिवलिंग पर अभद्र टिप्पणी की थी जिसके विरोध में हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। डॉक्टर नदीम अख्तर की अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद उसे गत रात्रि पुलिस ने उसके रक्कड़ कॉलोनी स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया था। अपने फेसबुक अकाउंट पर 3 जून को नदीम अख्तर ने भगवान शिव और शिवलिंग पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिस पर हिंदू संगठनों ने मैहतपुर पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी थी। भगवान शिव पर नदीम अख्तर द्वारा अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आते ही व्यापार मंडल, हिंदू एकता मंच सहित अन्य धार्मिक संगठनों ने उस की गिरफ्तारी को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। अदालत ने डॉक्टर नदीम अख्तर को 16 जून से 26 जून तक अग्रिम जमानत दे दी थी। अदालत ने 26 जून को नदीम अख्तर की जमानत पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। सोमवार को माननीय अदालत ने डॉक्टर नदीम अख्तर की जमानत याचिका रद्द कर दी थी, उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मुख्य शिकायतकर्ता एवं व्यापार मंडल मैहतपुर – बसदेहड़ा के प्रधान सुभाष एरी ने अदालत के इस निर्णय पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि आरोपित डॉक्टर को सजा होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म पर उंगली उठाना आजकल आम बात हो चुकी है व हिंदू संगठन अब यह सब सहन नहीं करेंगे।
