भारत को विकसित देश बनाने में प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी
बेरी (झज्जर), 30 नवंबर। उपमंडल के गांव जहाजगढ़ से गुरुवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हो गया। गांव जहाजगढ से भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम कादयान ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया,साथ ही लोगों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने की शपथ दिलाई। वहीं शेड्यूल के अनुरूप बाद दोपहर गांव मदाना खुर्द में संकल्प यात्रा का गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्वागत किया। जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बरधाना ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लेते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अविलंब समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रमों में पहुंचने पर सीईओ जिला परिषद डा सुभीता ढाका ने गांवों में पहुंचने पर मुख्य अतिथि विक्रम कादयान और जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बरधाना का स्वागत किया।
गांव जहाजगढ स्थित राजकीय विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम कादयान ने कहा कि देश व प्रदेश में अंत्योदय के स्वप्र को साकार करने में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की सरकार अपना दायित्व प्रभावी रूप से निभा रही है। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ के माध्यम से सरकार विकास की गारंटी के साथ आमजन तक पहुंचते हुए लोगों को और अधिक लाभान्वित कर रही है।
उन्होंने कार्यक्रम में नागरिकों से 2047 तक भारत को पूर्ण ‘विकसित और आत्मनिर्भर’ राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा की मनोहर लाल सरकार देश-प्रदेश में अंत्योदय के स्वप्न को साकार करते हुए हर आमजन के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के ऐसे वंचितों को वरीयता दी, जो दशकों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे और उनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं था। गरीब परिवारों का चूल्हा धुंआ-रहित हो, इसके लिए सरकार ने ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को लगभग 9 लाख 56 हजार रसोई गैस कनेक्शन दिए हैं। मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत गरीब परिवारों की 2 लाख 60 हजार बेटियों की शादी पर 71,000 रुपये तक शगुन दिया गया है। ‘आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना‘ के अन्तर्गत 4 लाख 54 हजार परिवार को तीन बेटियों के जन्म तक प्रति बेटी 21,000 रुपये दिए गए हैं। गरीब से गरीब व्यक्ति के पास भी रहने के लिए कम से कम एक खुद का मकान अवश्य हो इसी सोच के साथ योजनाओं को मूर्त रूप दिया है।
गरीब विद्यार्थियों के भविष्य मेंं ‘चिराग’ से उजियारा फैला रही मनोहर सरकार : कप्तान सिंह
दोपहर बाद गांव मदाना खुर्द में बतौर मुख्य अतिथि जिला परिषद के चैयरमैन कप्तान सिंह बरधाना ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के माध्यम से हर परिवार की आय कम से कम 1 लाख 80 हजार रुपये करने के लिए अंत्योदय मेले आयोजित करके स्वरोजगार के लिए 50 हजार लोगों को ऋण उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरियों में 1 लाख 80 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले बी.पी.एल. परिवारों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी गई है। उस अंत्योदय परिवार के उम्मीदवार को सरकारी नौकरियों की भर्ती में पांच अतिरिक्त अंक दिए जाते हैं, जिसका कोई भी सदस्य सरकारी नौकरी में नहीं है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ देकर किया जा रहा लाभांवित
जिला परिषद के चैयरमैन ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य हर एक व्यक्ति को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩा है। साढ़े नौ सालों में मोदी सरकार और 9 सालों में मनोहर सरकार की जो योजनाएं बनी हैं यदि कोई व्यक्ति उन योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह गया है तो उन्हें योजनाओं से जोडकऱ लाभान्वित किया जा रहा है। मोदी-मनोहर सरकार का ध्येय सरकारी योजनाओं को गरीब के घर तक पहुंचाना है।
एलईडी युक्त वैन से सरकार की योजनाओं से आमजन को कराया रूबरू
गुरूवार से शुरू हुई संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम में गांव जहाजगढ और मदाना खुर्द में एलईडी युक्त वैन में सरकार की विभिन्न योजनाओं को दिखाया गया तथा यात्रा के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित अंत्योदय पर आधारित स्टॉल लगाकर आमजन को जागरूक करते हुए लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर बैंक की स्टॉल, स्वास्थ्य जांच शिविर, हेल्प डेस्क, आयुष कैंप, योगाभ्यास, क्रिड हेल्प डेस्क, सीएससी स्टाल, पीएम उज्ज्वला योजना, मेरा भारत पंजीकरण हेल्प डेस्क भी लगाई गई। मुख्य अतिथियों ने अधिकारियों व ग्रामीणों के साथ स्टालों का अवलोकन किया।
‘आत्मनिर्भर और विकसित’ भारत बनाने की दिलाई शपथ
‘गांव जहाजगढ और मदाना खुर्द में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों विक्रम कादयान और कप्तान सिंह बरधाना ने ग्रामीणों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेते हुए शपथ दिलाई कि वे ‘भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करेंगे। गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेकेंगे। देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे। भारत की एकता को सुदृढ़ करेंगे और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे। नागरिक होने का कर्तव्य निभाएंगे’।
गांवों में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ कार्यक्रम में मोबाइल वैन में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का प्रसारण दिखाया गया। इस कार्यक्रम में केंद्र व हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित शॉर्ट फिल्म का भी प्रसारण किया गया।
‘ना जहर बणाओ खाणे नै…’ गीत से कलाकारों ने किसानों को किया जागरूक
जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रचार अमले ने गांव जहाजगढ और मदाना खुर्द में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ कार्यक्रमों में ’ना जहर बणाओ खाणे नै…’ गीत के माध्यम से किसानों को फसलों में कीटनाशक का प्रयोग करने की बजाए प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कीटनाशक का प्रयोग फसलों को जहर बना रहा है। कलाकारों ने किसानों को चेताया कि कृषि में बढ़ते रासायनिक खादों और दवाओं के उपयोग से फसलों और फिर इसका सीधा प्रतिकूल प्रभाव स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। प्राकृतिक खेती एक रासायनिक खाद मुक्त यानी पारंपरिक कृषि पद्धति है। इसे कृषि-पारिस्थितिकी आधारित विविध कृषि प्रणाली माना जाता है, जो जैव विविधता के साथ फसलों, पेड़ों और पशुधन को एकीकृत करती है।
‘मेरी कहानी-मेरी जुबानी’ के माध्यम से योजनाओं के लाभार्थियों ने सांझा की अपने मन की बात
गुरूवार को आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा- जनसंवाद’ कार्यक्रमों के दौरान ‘मेरी कहानी-मेरी जुबानी’ के तहत ग्रामीण प्रदीप कुमार,विनय कुमार,रिंकी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने मन की बात लोगों के साथ सांझा करते हुए बताया कि कैसे वह और उनका परिवार सरकार की अंत्योदय उत्थान एवं कल्याण से संबंधित योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन में बदलाव ला रहे हैं।
कार्यक्रमों में इन गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर बीडीपीओ पूजा शर्मा,ग्राम संरक्षक डा सुरेंद्र आर्य,डीईओ राजेश कुमार,एलडीएम योगेंद्र बरनवाल,उपकृषि निदेशक डा जितेंद्र अहलावत,कोआप्रेटिव बैंक की चैयरमैन नीलम अहलावत,जिला पार्षद अशोक अहलावत,सुनीता चौहान, बीईओ अशोक कादयान,सजाजसेवी उदय सिंह,गांव मदाना खुर्द की सरपंच कमला देवी,एमपी माजरा के सरपंच राजनारायण,आईओएलएम रविंद्र कौशिक,अमित मदाना कलां, सीडीपीओ सबिता मलिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
