साईं बाबा को लेकर गहराया विवाद, 14 मंदिरों से हटाईं गई मूर्तियां
वाराणसी : साईं बाबा की मूर्तियों को लेकर वाराणसी में चल रहा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। केंद्रीय ब्राह्मण सभा के विरोध के बाद शहर के कई मंदिरों से साईं बाबा की मूर्तियां हटा दी गई हैं। इस मुद्दे पर शहर में तनाव का माहौल है।
सनातन रक्षक दल समेत कई संगठनों का दावा है कि साईं बाबा की पूजा सनातन धर्म के खिलाफ है और इसे प्रेत पूजा के समान माना जाता है। इन संगठनों का मानना है कि शास्त्रों में साईं बाबा की पूजा का कोई उल्लेख नहीं है। इसी वजह से वे मंदिरों से साईं बाबा की मूर्तियां हटाने की मांग कर रहे हैं।
यह धार्मिक मुद्दा अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। समाजवादी पार्टी के एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने इस कदम का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश है। साईं बाबा के अनुयायी इस फैसले का विरोध कर रहे हैं और इसे धार्मिक स्वतंत्रता का हनन बता रहे हैं। वहीं, कई हिंदू संगठन इस फैसले का समर्थन कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले ज्योतिष व शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती भी साईं बाबा की पूजा के खिलाफ बयान दे चुके हैं। इस विवाद के कारण वाराणसी में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
