आंबेडकर प्रतिमा को खंडित करना पूरे देश को अपमानित करने का षड्यंत्र: भाजपा

अमृतसर: अमृतसर में गणतंत्र दिवस पर टाउन हॉल स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करने की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जांच के लिए छह सदस्यीय कमेटी बनाई है। यह कमेटी घटना की जांच करने आज अमृतसर पहुंची है। कमेटी द्वारा जांच रिपोर्ट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपी जाएगी।
कमेटी में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद व पूर्व डीजीपी, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान, उत्तर प्रदेश के मंत्री असीम अरुण और अंबाला से भाजपा महिला नेता बंतो कटारिया को शामिल किया गया है।
कमेटी में शामिल सदस्य अमृतसर पहुंचे हैं और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर हथौड़ा मारने की घटना की जांच कर रहे हैं।
लाल सिंह आर्य ने कहा कि इस घटना से मन विचलित हुआ है। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इसे कोई स्वीकार नहीं कर सकता। गणतंत्र दिवस पर हुई घटना शर्मसार है। 26 जनवरी की घटना के बाद भाजपा आंदोलनरत हुई है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ऐसा लगता है कि इनके लिए बाबा साहेब व संविधान मायने नहीं रखते। चुनाव मायने रखता है। बाबा साहेब के संविधान को हर धर्म मानता है। यह हमारा सुरक्षा कवच है। हमारी आस्था का केंद्र है।
उन्होंने कहा कि अपराधी कुछ दिन पहले दुबई से आया है। इसका अर्थ यह है कि कहीं न कहीं इसमें बड़ा षडयंत्र है। बाबा साहेब के माध्यम से पूरे देश को अपमानित करने का षड्यंत्र है।