April 12, 2026

बारिश के पानी का संरक्षण कारण जल संकट से बच सकते हैं

लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह रविवार को गांव बामला, फुलपुरा, नोरंगाबाद, कोंट, उमरावत, पूर्णपूरा, धारेडू और मदमाधवी के ग्रामीणों से रूबरू हुए और ग्रामीणों से बारिश के पानी की एक-एक बूंद बचाने के अपील की। उन्होंने ग्राम पंचायतों से चार से सात एकड़ से भी बड़े तालाब बनवाने के लिए भूमि उपलब्ध करवाने को कहा, ताकि मानसून आने से पहले वहां पर तालाबों का निर्माण करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान संरक्षण किए गए इस पानी का सिंचाई में प्रयोग होगा वहीं इन तालाबों के आसपास क्षेत्र में जमीन का पानी भी मीठा हो जाएगा। इस दौरान भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ भी मौजूद रहे।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि एक तरफ जहां पानी के प्राकृतिक स्रोत कम हो रहे हैं वहीं दूसरी तरफ जलवायु परिवर्तन से कभी बिल्कुल सूखे रहने वाले इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति बनती है तो बारिश वाले क्षेत्रों में सूखे की स्थिति बन रही है। ग्लोबल वार्मिंग से पर्यावरण का संतुलन बिगड़ गया है।
उन्होंने कहा कि पानी को बनाया नहीं जा सकता, यह प्राकृतिक है लेकिन हम बारिश के पानी का संरक्षण कारण जल संकट से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि भिवानी जिले में बवानी खेड़ा और तोशाम के कुछ क्षेत्र में जल भराव की स्थिति बन जाती है, इससे आमजन को परेशानी होती है वहीं किसानों को नुकसान होता है।
उन्होंने कहा कि जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए ही ऐसे क्षेत्रों में बड़े तालाब बनाने की योजना बनाई है, जहां पर पानी की सख्त जरूरत है। तालाब में एकत्रित किए गए इस पानी को सिंचाई में प्रयोग किया जा सकेगा। इसके साथ-साथ करीब एक किलोमीटर के दायरे में जमीन के पानी का सत्र भी शुद्ध रहेगा और जमीनी पानी मीठा भी हो जाएगा। इससे आने वाले समय में यहां पानी की किल्लत दूर होगी। इन परियोजनाओं पर खर्च के लिए नाबार्ड और विश्व बैंक से करीब 5000 करोड रुपए का समझौता हुआ है।

ग्रामीणों से संपर्क अभियान के दौरान सांसद धर्मवीर और विधायक श्री सर्राफ ने गांव सांगा में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों से परिचय कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी से जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने और उसको हासिल करने में भी काफी मदद मिलती है। यह खेल दिमाग को संतुलित करता है, जो कि बहुत जरूरी है। जीवन में सही लक्ष्य का निर्धारण करना जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से किसी भी प्रकार से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

  • बीमारियों की जकड़ में आना जहरीला खानपान: धर्मबीर सिंह
    ग्रामीणों से रूबरू होने से पहले सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह भिवानी में पंचायत भवन के सामने मलिक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जहरीले खानपान से इंसान बीमारियों की जकड़ में आ रहा है। आज ऐसा कोई घर नहीं है, जहां दवाइयां न हों। प्रत्येक इंसान किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त है। उन्होंने कहा कि बीमारियों से बचाव का केवल एक ही उपाय है कि हमें डीएपी और यूरिया की जगह गोबर की खाद का प्रयोग करना होगा, प्राकृतिक खेती को अपनाना होगा। इस बारे में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से भी उनकी बात हुई है। उन्होंने कहा कि उपज बढ़ाने के चलते प्रयोग किए जा रही डीएपी और यूरिया से जमीन जहरीली हो गई है। किसानों को चाहिए कि वे डीएपी और यूरिया की जगह गोबर की खाद का प्रयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *