February 15, 2026

सत्ता को हासिल करने के लिए झूठ बोलना कांग्रेस की आदत: जयराम ठाकुर

शिमला: हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की गारंटियों को लेकर सत्य बात कही है कि हिमाचल प्रदेश की गारंटियां आज पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा की सत्ता को हासिल करने के लिए झूठ बोलना कांग्रेस की आदत बन गई है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की गारंटी का मॉडल धराशाई हो गया है जो पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

हकीकत में हिमाचल में कर्मचारियों को सैलरी और पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल पा रही है। मुख्यमंत्री को हर महीने सैलरी की तारीख का ऐलान करना पड़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की आपसी लड़ाई की वजह से कांग्रेस शासित राज्यों में विकास की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है और हिमाचल में भी ऐसी स्थिति बनी हुई है। प्रदेश में विकास के कार्य सारे रुके हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के लोग भी जान गए हैं कि गारंटियां पूरी नहीं होनी है, ऐसे में मुख्यमंत्री को अब सच बोलना चाहिए। मुख्यमंत्री पांच गारंटियों को पूरी करने की बात कह रहे हैं जो की हास्यास्पद है।

हिमाचल प्रदेश में 18 से 60 वर्ष की सभी महिलाओं को 1500 रुपए देने का वादा किया गया था लेकिन अब इसमें पात्र महिलाओं को दिए जाने की बात कही जा रही है। हिमाचल प्रदेश में 22 लाख महिलाएं हैं जबकि 25 हजार महिलाओं को भी 1500 रुपए का लाभ नहीं मिल पाया है। 5 लाख युवाओं को रोजगार देने के वादे ही के बावजूद एक भी युवा को स्वरोजगार नहीं मिल पाया है। भैंस का दूध 100 रुपए किलो और 2 रुपए किलो गोबर खरीदने की गारंटी दी गई थी, जो हवा में है।

उन्होंने कहा कि पहले कैबिनेट की बैठक में एक लाख नौकरियां देने का वादा किया गया लेकिन 2 साल से खाली पड़े पदों को खत्म करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही नहीं अब तो कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी इस बात को मान लिया है कि झूठी गारंटियों देना किसी प्रदेश के हित में नहीं होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *