February 19, 2026

कांग्रेस के मंत्री अपनी कुर्सी बचाने के लिए भाजपा के सिर फोड़ रहे हैं ठीकराः जयराम

शिमला : हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस के मंत्री सरासर झूठ बोलकर अपनी नाकामी का ठीकरा हमारे सर फोड़ना चाहते हैं।

ठाकुर ने कहा कि दिल्ली आलाकमान की नाराज़गी से वह डर गए हैं और अपना बयान बदल रहे हैं। विधान सभा में दिए गए बयान के बाद उन पर कांग्रेस आलाकमान का भारी दबाव है। उन्हें मंत्री पद से हटाने के लिए मुख्यमंत्री को स्पष्ट निर्देश आलाकमान द्वारा दिए गए हैं। सुक्खू सरकार उन्हीं से ही उनके बयान आधारहीन बयान दिलवाकर का डैमेज कंट्रोल करवाना चाहती है। उनसे अनर्गल आरोप लगावाए जा रहे हैं। इसलिए मंत्री महोदय भारतीय जनता पार्टी के सिर पर ठीकरा फोड़ रहे हैं।

ठाकुर ने हिमाचल सरकार के मंत्री अनिरुद्ध सिंह के सभी आरोपों तथ्यहीन बताया। कांग्रेस अपनी नाकामी छुपाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। मुख्यमंत्री, सरकार के मंत्री और कांग्रेस पार्टी सभी संजौली मस्जिद प्रकरण में पूरी तरह से बेनक़ाब हो गए हैं।

ठाकुर ने कहा कि बीते कल प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सरकार द्वारा लाठीचार्ज करवाने के ख़िलाफ़ प्रदेश के लोगों में ज़बरदस्त ग़ुस्सा है। सरकार और मुख्यमंत्री का रवैया कल के मामले में बेहद निराशाजनक रहा। सरकार जनभावनावों को समझने और उसका सम्मान करने में पूरी तरह नाकाम रही। अवैध निर्माण पर त्वरित कार्रवाई करना तो दूर सरकार अभी भी जनभावनाओं को ठेस पहुंचा रही है। प्रदेश के लोगों में कांग्रेस के प्रति जो नाराज़गी है, उसके राजनीतिक नुक़सान के बारे में कांग्रेस के नेता अब अच्छी तरह से समझ चुके हैं। इसलिए भारतीय जनता पार्टी पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। इस तरह के झूठ फैलाने के हथकंडे अब काम नहीं आएंगे। कांग्रेस पार्टी और सुक्खू सरकार का असली चेहरा प्रदेश के लोगों ने एक बार फिर देख लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *