हिमाचल में कांग्रेस सरकार अपने वायदे भूली, सडक़ों पर उतर रहे लोग : राजीव बिंदल
शिमला : हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ विपक्षी दल भाजपा ने आक्रामक तेवर अख्तियार कर लिए हैं। भाजपा ने कांग्रेस सरकार के एक साल के कार्यकाल को हर मोर्चे पर विफल करार दिया है। कांग्रेस जनता से किये गए अपने वायदों को पूरा करने में विफल रही है और लोग सडक़ों पर उतरकर अपना आक्रोश जाहिर कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने रविवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। लोग सडक़ों पर उतरकर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त कर रहे है।उन्होंने कहा कि पिछले कल धर्मशाला में हजारों लोगों ने चक्काजाम किया। सडक़ों के ऊपर उतरे और प्रदेश सरकार की नीति के खिलाफ़ आंदोलन किया। केंद्रीय विश्वविद्यालय के धर्मशाला में बनने वाले संस्थान को राजनीतिक आधार पर जान-बूझकर लटकाया जा रहा है। केवल और केवल विशिष्ट स्थान की उपेक्षा करते हुए और क्षेत्र विशेष को नुकसान पहुंचाने के इरादे के साथ वर्तमान कांग्रेस सरकार काम कर रही है।राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में केवल एक साल की सरकार के प्रति इतना बड़ा जनाक्रोश कभी नहीं हुआ। बेरोजगार परेशान हैं जिनके साथ इन्होंने वायदा किया था कि हम नौकरियां देंगे। बहनें परेशान हैं, जिनको तरह-तरह की गारंटियां दी थी। किसान परेशान है वर्तमान सरकार ने किसान को विभिन्न प्रकार के वायदे करके आज धोखा दिया है। उसके बाद प्रकृति भी नाराज है, जो बरसात नहीं कर रही।उन्होंने कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि हिमाचल प्रदेश की जनता के लिए एक साल के अंदर एक भी काम किया है तो वो इन्हें बताना चाहिए। वर्तमान सरकार जो राहत पैकेज की बात करती है, उस राहत पैकेज के अंदर बंदरबांट हो रही है और वास्तविक लोगों की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार के पैसे से सारी राहत दी जा रही है और प्रदेश सरकार केवल और केवल अपना लेवल लगा रही है और साथ ही उसके ऊपर राजनीति करने का प्रयास कर रही है।
