झूठी गारंटियों के झूठे सपने दिखा कांग्रेस ने हिमाचल को ठगा: अनुराग सिंह ठाकुर
मोहित कांडा, हमीरपुर, 23 नवंबर : केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र के ज़िला हमीरपुर में “जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति” दिशा कमेटी की बैठक के दौरान ज़िले में चल रहे विकास कार्यों पर सम्बंधित विभाग के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की व इसके समुचित क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके उपरांत अनुराग ठाकुर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर जिला भाजपा की समीक्षा बैठक में भाग लिया व पत्रकारों से बातचीत की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा “ कांग्रेस पार्टी झूठ बोलकर सत्ता में आई है। हिमाचल के भोले-भाले लोगों को झूठे सपने दिखा कर, झूठी गारंटियों का वादा कर के हिमाचल को ठगा है। कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रूपए प्रति महीने देने का वादा किया गया था, अभी तक किसी को भी नहीं मिला। किसानों से 2 रूपए प्रति किलो गोबर और 100 रूपए प्रति किलो दूध खरीदने का वादा किया था। बिजली के 300 यूनिट और पानी मुफ्त देने का वादा किया था, जिसे मैंने मीटिंग में भी पूछा परंतु वह भी नहीं दिया। एक लाख युवाओं को नौकरी और 600 करोड़ का स्टार्टअप फंड बनाने का वादा किया था, वह भी नहीं किया। इसी प्रकार कांग्रेस की सारी गारंटियां फेल हुई हैं जो दर्शाता है कि कांग्रेस भी बुरी तरह फेल हो चुकी है।”
आगे बोलते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा “पिछले कुछ महीनो में हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में बंद हुए क्रशरों के पीछे क्या कारण है? लोगों को 5 गुणा ज्यादा दाम पर रेता- बजरी खरीदने को विवश कराया गया, बाकी काम बंद करने पड़े, और अब अचानक कैसे खोल दिए गए? इसका क्या आधार था? इसके पीछे स्पष्ट तौर पर गड़बड़ की बू आती है। हमारा स्पष्ट तौर पर मानना है कि अगर किसी ने भ्रष्टाचार किया है तो बिना राजनीतिक टीका टिप्पणी के उसके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”
वर्तमान विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए श्री ठाकुर ने कहा, “छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में वोटिंग पूरी हो चुकी है। राजस्थान में 25 तारीख और तेलंगाना में 30 तारीख को अंतिम चुनाव होने हैं। 3 दिसंबर को चुनाव परिणाम से यह स्पष्ट हो जाएगा की लोग भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में डबल इंजन का विकास चाहते हैं। लोग कांग्रेस के झूठे वादे और भ्रष्ट इरादों से मुक्ति पाना चाहते हैं।”
कांग्रेस को अंग्रेजों की भांति जाति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर बांटने वाला बताते हुए ठाकुर ने आगे कहा, “कांग्रेस हमेशा से बांटो और राज करो कि राजनीति करती आई है। देश के चयनित प्रधानमंत्री के लिए इतनी घटिया बात करना बेहद आपत्तिजनक है। लेकिन इन्होंने जितनी बार मोदी जी के ऊपर कीचड़ उछाला, उतनी ही बार मोदी जी और खिलकर सामने आए। आज के प्रधानमंत्री मनोबल बढ़ाने वाले, प्रेरणा देने वाले है। ओलिंपिक में या बाकी खेलों में जिन खिलाड़ियों ने नहीं भी अच्छा किया उनका भी प्रधानमंत्री जी ने उस समय मनोबल बढ़ाया।
